अमर्यादित टिप्पणी की होड़ में जुटे विपक्षी नेता, जनता देगी जवाब : संजय गुप्ता
प्रयागराज, 21 मई (हि.स)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं में अमर्यादित टिप्पणियां करने की होड़ लगी हुई है।
उन्होंने कहा कि जनता ऐसे नेताओं को आने वाले समय में करारा जवाब देगी। कुछ दिन पहले समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी और अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह को लेकर विवादित बयान दिया है, जो पूरी तरह निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के “युवराज” की यह टिप्पणी उनकी नकारात्मक राजनीति, असंयमित सोच और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अनादर को दर्शाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खिलाफ की गई टिप्पणी 145 करोड़ देशवासियों के जनादेश और लोकतांत्रिक संस्कारों का भी अपमान है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी को अपने बयान के लिए पूरे देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश नक्सलवाद से तो काफी हद तक मुक्त हो चुका है, लेकिन राजनीति में छिपा “अर्बन नक्सलवाद” लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है।
संजय गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र की आड़ में सेना, संवैधानिक संस्थाओं और राष्ट्रवादी विचारधारा को बदनाम करने की मानसिकता को देश की जनता पहले भी नकार चुकी है और भविष्य में भी ऐसे लोगों को माफ नहीं करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

