फर्जी मतदाताओं के नाम हटने से सपा-कांग्रेस में बेचैनी : आशीष गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
फर्जी मतदाताओं के नाम हटने से सपा-कांग्रेस में बेचैनी : आशीष गुप्ता


भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश प्रवक्ता का स्वागत, बोले— 2027 में फिर खिलेगा कमल

प्रयागराज, 09 अक्टूबर (हि.स.)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का विरोध उनकी राजनीतिक बेचैनी को दर्शाता है। मतदाता सूची से फर्जी और मृत मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया पर विपक्षी दल भ्रम फैला रहे हैं। उक्त बात शुक्रवार को तुलसियानी स्क्वायर के सभागार में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के काशी क्षेत्र मंत्री सैफुल अब्बास के नेतृत्व में आयोजित स्वागत समारोह के मौके पर भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश प्रवक्ता आशीष गुप्ता ने कहा।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को फिर समर्थन देगी और सपा-कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित प्रदेश प्रवक्ता का स्वागत कर उन्हें बधाई दी।

एसआईआर पर विपक्ष को घेरा

आशीष गुप्ता ने कहा कि निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र और संवैधानिक संस्था है। एसआईआर के विरोध में सपा और कांग्रेस की ओर से निकाला जा रहा मार्च संवैधानिक संस्था पर दबाव बनाने का प्रयास है। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण से फर्जी और मृत मतदाताओं के नाम हटाने में मदद मिलेगी। उनके अनुसार, विपक्षी दल इसी प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक विरोध कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सुधार और पारदर्शिता से जुड़ी प्रक्रियाओं पर भी भ्रम फैलाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि जनता अब सपा और कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है और उनके आरोपों से प्रभावित होने वाली नहीं है।

राष्ट्रवाद और सुशासन भाजपा की प्राथमिकता

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का परिवार है, जो राष्ट्रवाद की विचारधारा के साथ सुशासन के लिए काम करता है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर बहुमत हासिल करेगी और सपा-कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ेगा। सपा-कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने परिवारवाद और गुंडागर्दी की राजनीति के आरोप भी लगाए।

अल्पसंख्यक समाज को लेकर सपा-कांग्रेस पर निशाना

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के काशी क्षेत्र मंत्री सैफुल अब्बास ने आशीष गुप्ता का स्वागत करते हुए कहा कि मुस्लिम अल्पसंख्यक समाज अब सपा और कांग्रेस की राजनीति को समझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल अल्पसंख्यक समाज को केवल वोट बैंक के रूप में देखते हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनाएगी।

कार्यक्रम का संचालन पूर्व मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने किया। स्वागत करने वालों में सुशील जैन, अजय अग्रहरि, शत्रुघ्न जायसवाल, पार्षद विनय सिंटू मिश्रा, सचिन जायसवाल, काजिम अब्बास, लख्ते अब्बास, सिपाही लाल यादव, नीरज केसरवानी, किशन जायसवाल, कमलेश केसरवानी, लल्लू अग्रहरि, दिलीप केसरवानी और धीरज केसरवानी सहित भाजपा के

कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story