भाजपा 14 अप्रैल को महानगर के हर बूथ पर मनाएगी बाबा साहेब की जयंती

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा 14 अप्रैल को महानगर के हर बूथ पर मनाएगी बाबा साहेब की जयंती


प्रयागराज, 26 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रयागराज के हर बूथ पर संविधान निर्माता भारत रत्न भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर महानगर के सभी मंडलों के समस्त बूथों पर जयंती कार्यक्रम आयोजित करेगी। यह जानकारी गुरुवार को भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव ने दी।

उन्होंने बताया कि भाजपा प्रयागराज महानगर की नई टीम घोषित होने के बाद महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने गुरुवार को जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की। जिला महामंत्री डॉ. शैलेश पांडेय ने बताया कि आगामी कार्यक्रमों के तहत 6 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस पर प्रयागराज महानगर के सभी 15 मंडलों के समस्त बूथों एवं पार्टी कार्यालय पर स्वच्छता अभियान और मिष्ठान वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही कार्यकर्ता अपने घरों पर पार्टी का झंडा लगाकर सेल्फी लेने का कार्यक्रम भी करेंगे। स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर पार्टी कार्यालय को स्वदेशी विद्युत झालरों से सजाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 8 एवं 9 अप्रैल को पार्टी के दो बार के सक्रिय सदस्यों का विधानसभा स्तर पर सम्मेलन आयोजित करने की योजना पर भी बैठक में चर्चा की गई। वहीं 14 अप्रैल को संविधान निर्माता भारत रत्न भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर महानगर के सभी मंडलों के समस्त बूथों पर अंबेडकर प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा तथा 13 अप्रैल की पूर्व संध्या पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित होगा।

बैठक में 2027 के चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने पदाधिकारियों से पूरी मेहनत और रणनीति के साथ संगठन कार्य में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नई टीम नई ऊर्जा और उत्साह के साथ सभी को साथ लेकर संगठन के लिए कार्य करें और वर्ष 2027 में महानगर की तीनों विधानसभा सीटों पर जीत सुनिश्चित कर संगठन को मजबूत बनाए।

बैठक में जिला महामंत्री डॉ. शैलेश पांडेय, विक्रमजीत भदौरिया, रमेश पासी, जिला उपाध्यक्ष कुंज बिहारी मिश्रा, प्रमोद मोदी, आनंद सोनकर, आनंद श्रीवास्तव, जिला मंत्री विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, सचिन जायसवाल, अरुण पटेल, दीप द्विवेदी, मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव एवं सह मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story