भाजपा महिला मोर्चा संगठन के साथ ही परिवारों को सशक्त बनाने की है बड़ी शक्ति : संजय गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा महिला मोर्चा संगठन के साथ ही परिवारों को सशक्त बनाने की है बड़ी शक्ति : संजय गुप्ता


2027 के चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान, नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों का हुआ स्वागत

प्रयागराज, 26 नवंबर (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा केवल संगठन का हिस्सा नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने और परिवारों को सशक्त बनाने की बड़ी शक्ति है। संगठन की मजबूती बूथ और मंडल स्तर पर किए जाने वाले कार्यों से आती है। यह बातें भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने गुरुवार को महिला मोर्चा की नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए कहीं।

उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत प्रत्येक बूथ पर 100 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य लेकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की प्रत्येक कार्यकर्त्री अपने क्षेत्र की महिलाओं से संपर्क करे, उनकी समस्याएं सुने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने में सहयोग करे। केंद्र और प्रदेश सरकार की महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाना महिला मोर्चा की प्रमुख जिम्मेदारी है। स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और स्वरोजगार के प्रति जागरूकता फैलाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

संजय गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2027 के चुनाव में महिला मोर्चा की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। मतदाता जोड़ो अभियान के तहत अधिक से अधिक महिलाओं से संपर्क कर मतदाता सूची में उनके नाम जुड़वाने के लिए कार्यकर्त्रियां पूरी सक्रियता से जुटें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इनकी जानकारी समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना जरूरी है।

बैठक में नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों का परिचय कराया गया। छत्तीसगढ़ से आईं महिला विस्तारकों रश्मि शर्मा, शशि अग्रवाल और कृतिका जैन का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। बैठक का संचालन महिला मोर्चा की महामंत्री शिखा खन्ना ने किया।

इस अवसर पर महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री अनीता सिंह, काशी क्षेत्र मंत्री शिखा रस्तोगी, महानगर अध्यक्ष रीता सिंह, उपाध्यक्ष बिंदु सिंह, महामंत्री प्रिया कैथवास, माया सिंह, नीतू केसरवानी, सुधा गुप्ता, राजलक्ष्मी तिवारी, भावना त्रिपाठी, सीमा श्रीवास्तव, दीपमाला श्रीवास्तव सहित महिला मोर्चा की कार्यकर्त्रियां मौजूद रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story