भाजपा किसी व्यक्ति की नहीं विचारधारा की पार्टी है : महेश चंद्र श्रीवास्तव

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा किसी व्यक्ति की नहीं विचारधारा की पार्टी है : महेश चंद्र श्रीवास्तव


भाजपा किसी व्यक्ति की नहीं विचारधारा की पार्टी है : महेश चंद्र श्रीवास्तव


जनसंघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का किया गया सम्मान

प्रयागराज,06 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा किसी व्यक्ति की नहीं विचारधारा की पार्टी है। डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रखर राष्ट्रवादी संकल्प, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ दर्शन और श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के उदात्त नेतृत्व से प्रेरित भारतीय जनता पार्टी ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ के उस मूल भाव का प्रतीक है, जिसने राजनीति को सेवा, समर्पण और जनकल्याण का माध्यम बनाया है।

यह विचार सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 47 वें स्थापना दिवस पर सिविल लाइन स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य वक्ता भाजपा प्रयागराज महानगर प्रभारी महेश चंद्र श्रीवास्तव ने कही।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संगठन की विकास यात्रा पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि 5 लोगों से शुरू हुई पार्टी आज 18 करोड़ लोगों की पार्टी बन चुकी है। आज हम विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के कार्यकर्ता हैं। असंख्य कार्यकर्ताओं के तप, त्याग और निष्ठा ने भाजपा को एक ऐसे विराट वटवृक्ष में परिवर्तित किया है, जो नए भारत की आकांक्षाओं का सशक्त प्रतिनिधित्व करता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के युवा नेतृत्व में भाजपा सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ ‘विकसित भारत’ की दिशा में निरंतर अग्रसर है। यह साफ है कि भाजपा ही वर्तमान है और भाजपा ही भारत के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी चिंतन और वैचारिक प्रेरणा से बनी भारतीय जनता पार्टी की स्थापना केवल एक राजनीतिक घटना नहीं,बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का संकल्प था। अंतिम पंक्ति के कल्याण की मूल भावना के साथ शुरू हुई भाजपा ने मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र को साकार किया है।

भाजपा काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने के साथ देश को तुष्टीकरण से मुक्त व सुशासन, पारदर्शिता को स्थापित करने का कार्य किया है। आज भाजपा केवल एक पार्टी नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के सपनों और आकांक्षाओं की प्रतिनिधि बन चुकी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि चाहे देश की सीमाओं को सुरक्षित करना हो,आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाना हो, विकास के नए मानदंड स्थापित करना हो या भारतीय संस्कृति की ऐतिहासिकता और प्राण तत्व को पुन: जागृत करना हो, भाजपा ने अपने इन सभी संकल्पों को चरितार्थ करके दिखाया है।

इलाहाबाद संसदीय सीट से पूर्व भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी, निवर्तमान महानगर अध्यक्ष रणजीत सिंह, राजेंद्र मिश्र, शशि वार्ष्णेय महानगर प्रवासी विनोद प्रजापति ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री डॉ शैलेश पांडेय ने किया।

इससे पहले कार्यक्रम संयोजक जिला महामंत्री विक्रमजीत भदौरिया ने अतिथियों को अंग वस्त्र पहनाकर व पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत अभिनंदन किया। स्थापना दिवस पर महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय पर पार्टी का झंडा फहराकर केक काटकर मिष्ठान वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जनसंघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं चंद्रशेखर मिश्रा, जेपी द्विवेदी, प्रेमचंद गुप्ता, विकास तिवारी को सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story