सेवा संकल्प अभियान जनता तक पहुंचने का माध्यम : संजय गुप्ता
भाजपा भरद्वाज मंडल की बैठक में बूथ स्तर तक अभियान की कार्ययोजना तैयार
प्रयागराज, 15 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान जनता तक पहुंचने और समाज के हर वर्ग से जुड़ने का माध्यम है। कार्यकर्ता अभियान को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर तक लगातार संपर्क बनाए रखें और प्रत्येक कार्यक्रम में जनभागीदारी सुनिश्चित करें। यह बातें भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में भरद्वाज मंडल की बैठक को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और उनके जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए शक्ति केंद्र और बूथ स्तर की कार्ययोजना तैयार की गई है।
संजय गुप्ता ने कहा कि अभियान के तहत ‘आशीर्वाद दिया’, ‘सपनों का भारत’, ‘नमो गाथा’, ‘आंगन उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘बड़नगर से वाराणसी’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा हेतु अभियान’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारियों के साथ सांसद और विधायक भी भाग लेंगे।
उन्होंने मंडल अध्यक्षों से अभियान की सफलता के लिए पूरी तैयारी करने को कहा। बूथ समितियों से लगातार संपर्क बनाए रखने और प्रत्येक कार्यक्रम के लिए कार्यकर्ताओं की टोली तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुंचना है। महानगर के प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
अभियान के लिए महानगर महामंत्री डॉ. शैलेश पाण्डेय को जिला संयोजक तथा जिला मंत्री विजय श्रीवास्तव और दीप द्विवेदी को सह संयोजक बनाया गया है।
बैठक में मंडल प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष प्रमोद मोदी, मंडल अध्यक्ष अजय आनंद, मंडल महामंत्री गणेश वर्मा, अतुल मेहरोत्रा, प्रियंका पराशर, अंशुला गोस्वामी, यशस्वी शुक्ला, अमित गोस्वामी, धीरज, ब्रजेश सेंगर, राजेश वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

