पूर्व योजना, पूर्ण योजना के सूत्र पर काम करें कार्यकर्ता और पोलिंग प्रभारी : अनूप गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व योजना, पूर्ण योजना के सूत्र पर काम करें कार्यकर्ता और पोलिंग प्रभारी : अनूप गुप्ता


स्नातक चुनाव को हल्के में न लें, 23 अक्टूबर तक मतदान पर केंद्रित रहें कार्यकर्ता

प्रयागराज, 16 अक्टूबर (हि.स.)। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन को भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल मानकर तैयारी तेज कर दी है। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व की ओर से समन्वयक बनाए गए एमएलसी अनूप गुप्ता ने शुक्रवार को सिविल लाइंस स्थित पार्टी कार्यालय में पोलिंग प्रभारियों की बैठक में कहा कि सभी कार्यकर्ता और पोलिंग प्रभारी पूर्व योजना और पूर्ण योजना के सूत्र पर काम करें। चुनाव को बिल्कुल हल्के में न लें। 23 अक्टूबर तक अपने आवश्यक कार्यों के अलावा पूरा ध्यान स्नातक चुनाव में मतदान पर केंद्रित रखें। उन्होंने मतदाताओं से संपर्क, मतदाता पर्ची पहुंचाने और मतदान के दिन मतदाताओं को समय से बूथ तक पहुंचाने की रणनीति पहले से तैयार करने पर जोर दिया।

बैठक में भाजपा महानगर के सभी 15 मंडलों के पोलिंग प्रभारी शामिल हुए। अनूप गुप्ता ने निर्देश दिया कि 18, 19 और 20 अक्टूबर को सभी पोलिंग प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में सघन मतदाता संपर्क अभियान चलाएं। इसके बाद 21 अक्टूबर को पोलिंग टीम के साथ बैठक कर मतदान की पूरी रणनीति तय कर लें। उन्होंने कहा कि पोलिंग प्रभारियों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए बूथवार योजना बनाने और मतदाता पर्चियां समय से पहुंचाने में किसी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए। कार्यकर्ता जीत का संकल्प लेकर पूरी सजगता और सक्रियता से जुटें।

शहर पश्चिमी विधानसभा में भी बैठकों का दौर

इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक चुनाव में सफलता के लिए भाजपा संगठन की बैठकों का दौर लगातार जारी है। जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी ने शुक्रवार को शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों में बैठक कर चुनावी रणनीति तैयार की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहकर मतदान की तैयारियां पूरी करने और किसी भी स्तर पर चूक न होने देने को कहा। साथ ही मंडल अध्यक्षों को अपने-अपने मंडलों के पोलिंग बूथों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।

काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष एवं इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक चुनाव के सह-संयोजक अवधेश चंद्र गुप्ता ने भी प्रयागराज महानगर, गंगापार और यमुनापार क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न बैठकों के माध्यम से मतदान की रूपरेखा तैयार की।

बैठक में महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, डॉ. शैलेश पांडेय, विजय श्रीवास्तव, दीप द्विवेदी, प्रवीण भारतीय, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, मोहित गुप्ता, अजय श्रीवास्तव और गणेश वर्मा सहित अन्य पोलिंग प्रभारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762210 Articles

Share this story