भाजपा 10 से 14 अक्टूबर तक चलाएगी मतदाता संपर्क अभियान : अवधेश चंद्र गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा 10 से 14 अक्टूबर तक चलाएगी मतदाता संपर्क अभियान : अवधेश चंद्र गुप्ता


इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन को लेकर महानगर के 15 मंडलों के पदाधिकारियों की बैठक, मतदान की तैयारियों पर मंथन

प्रयागराज, 01 अक्टूबर (हि.स.)। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष एवं स्नातक चुनाव सह संयोजक अवधेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता मतदाताओं से लगातार संपर्क करें और मतदान के दिन मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी सजगता से काम करें।

उन्होंने बताया कि 10 से 14 अक्टूबर तक मतदाता संपर्क अभियान, 15 से 18 अक्टूबर तक मतदाता जिला सम्मेलन तथा 19 और 20 अक्टूबर को चुनाव तैयारी बैठकें आयोजित की जाएंगी। वह गुरुवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में महानगर के सभी 15 मंडलों के मंडल अध्यक्षों और जिला पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा ने अशोक कुमार राठौर को प्रत्याशी घोषित किया है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।

अवधेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। सभी मंडलों के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में मतदाताओं से संपर्क बढ़ाएं और चुनाव की तैयारियों को समय से पूरा करें।

जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी ने कार्यकर्ताओं से चुनाव मैदान में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पांच अक्टूबर को होने वाले नामांकन में प्रयागराज महानगर से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने की योजना बनाई जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाने के साथ ही मतदान केंद्रों पर पोलिंग एजेंट और बूथ प्रभारियों को सजग रखने को कहा।

बैठक में 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को लेकर सभी 15 मंडलों के मंडल संयोजक, सह संयोजक, विधानसभा संयोजक और सह संयोजकों को आपसी समन्वय से तैयारियां पूरी करने पर चर्चा हुई।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, स्नातक चुनाव के जिला संयोजक एवं महानगर महामंत्री डॉ. शैलेश पांडेय, सह संयोजक एवं जिला मंत्री दीप द्विवेदी, सुबोध सिंह, आनंद सोनकर, अनिल केसरवानी, कुंज बिहारी मिश्रा, अनुज कुशवाहा, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, वंदना सिंह, राम लोचन साहू, पवन श्रीवास्तव और विवेक मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story