सिद्धांतों के लिए सत्ता का त्याग करने वाले थे कल्याण सिंह : शैलेश पांडेय

WhatsApp Channel Join Now
सिद्धांतों के लिए सत्ता का त्याग करने वाले थे कल्याण सिंह : शैलेश पांडेय


रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री पद छोड़कर बाबूजी ने देशहित और सिद्धांतों को सर्वोपरि रखा

प्रयागराज, 21 अगस्त (हि.स.)। कल्याण सिंह का पूरा जीवन राष्ट्रनिष्ठा, सांस्कृतिक चेतना, सुशासन और जनसेवा का प्रेरणादायी अध्याय रहा। उक्त बातें शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महानगर कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल, पद्म विभूषण से सम्मानित कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ की पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा महानगर महामंत्री डॉ. शैलेश पांडेय ने कहीं।

उन्होंने कहा कि रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान उन्होंने सिद्धांतों के लिए मुख्यमंत्री पद तक का त्याग कर दिया। डॉ. शैलेश पांडेय ने कहा कि कल्याण सिंह का जीवन संघर्ष और समर्पण की मिसाल था। साधारण किसान परिवार में जन्म लेने वाले कल्याण सिंह ने शिक्षक के रूप में अपने जीवन की शुरुआत की और आगे चलकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचे। उन्होंने अपने जीवन से यह साबित किया कि महानता किसी पद से नहीं, बल्कि व्यक्ति के विचारों, सिद्धांतों और अच्छे कार्यों से होती है। उन्होंने कहा कि जब रामजन्मभूमि आंदोलन अपने चरम पर था, उस समय कल्याण सिंह ने सत्ता को अपने सिद्धांतों के आड़े नहीं आने दिया। श्रीराम और राष्ट्रहित के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पद का त्याग कर दिया। उनका यह निर्णय भारतीय राजनीति और सार्वजनिक जीवन में त्याग एवं सिद्धांतनिष्ठा का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके आदर्श, राष्ट्रनिष्ठा और संघर्षपूर्ण जीवन से कार्यकर्ताओं को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी। उनके जीवन से देश और समाज के प्रति समर्पण की भावना सीखने को मिलती है।

शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम का संचालन हेमंत बनर्जी ने किया। इस अवसर पर विक्रमजीत सिंह भदौरिया, कुंज बिहारी मिश्रा, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, मनोज श्रीवास्तव, पार्षद प्रवीण भारती, मनोज गुप्ता, गया प्रसाद, मनोज मिश्रा, विवेक मिश्रा, पवन श्रीवास्तव, अनिल गोस्वामी, संदीप यादव, राशिद राइन, धर्मेंद्र सिंह पटेल, अवनीश तिवारी, त्रिवेणी राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता

उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story