अफवाहों पर न दें ध्यान, पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर की नहीं है कमी : संजय गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
अफवाहों पर न दें ध्यान, पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर की नहीं है कमी : संजय गुप्ता


प्रयागराज, 27 मार्च (हि.स.)। कुछ लोग सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन नागरिक संयम बनाए रखें। यह अपील शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने किया है।

उन्होंने कहा कि यह एक वैश्विक समस्या से जुड़ा विषय है, फिर भी देश की सरकार अपने नागरिकों के हित में लगातार कार्य कर रही है।

संजय गुप्ता ने कहा कि देश में नौवरात्री, ईद अल फितर और रामनौमी जैसे त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जा रहे हैं और आगे भी सभी त्योहार आपसी भाईचारे के साथ मनाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सरकार तथा प्रशासन पर विश्वास रखें।

उन्होंने बताया प्रशासनिक अधिकारियों तथा पेट्रोल-डीजल पंप संचालकों से भी बातचीत की है, सभी ने पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध होने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो और संदेश प्रसारित कर भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन जनता उनके मंसूबों में सफल नहीं होने देगी।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखें। सरकार और प्रशासन पूरी व्यवस्था बनाए रखने में जुटा हुआ है।

प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और लोग किसी प्रकार के भ्रम में न रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story