चार नवंबर को निकलेगी ऐतिहासिक पदयात्रा, काशी क्षेत्र के बड़े नेता होंगे शामिल : संजय गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
चार नवंबर को निकलेगी ऐतिहासिक पदयात्रा, काशी क्षेत्र के बड़े नेता होंगे शामिल : संजय गुप्ता


लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के संदेश के साथ पत्थर गिरिजाघर से शुरू होगी पदयात्रा, शहीद वॉल पर होगा समापन

प्रयागराज, 28 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी चार नवंबर को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के संदेश के साथ विशाल पदयात्रा निकालेगी। यह ऐतिहासिक पदयात्रा होगी, जिसमें काशी क्षेत्र के विभिन्न जिलों के कार्यकर्ताओं के साथ छात्र और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम में काशी क्षेत्र, प्रदेश और केंद्र के वरिष्ठ नेता भी भाग लेंगे। यह बातें भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बुधवार को सिविल लाइंस स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में कहीं।

उन्होंने कहा कि पदयात्रा को सफल बनाने के लिए सभी मोर्चों, प्रकोष्ठों, जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी तैयारी के साथ जुट जाना चाहिए। प्रयागराज महानगर के सभी 15 मंडलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों और संगठनात्मक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

भाजपा जिला मीडिया विभाग के विवेक मिश्रा ने बताया कि पदयात्रा में प्रयागराज महानगर, गंगापार और यमुनापार के अलावा कौशाम्बी, मिर्जापुर, भदोही और प्रतापगढ़ के कार्यकर्ता शामिल होंगे। समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी से कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है।

पदयात्रा चार नवंबर को सुबह 11 बजे पत्थर गिरिजाघर स्थित धरनास्थल से शुरू होगी। इसका समापन शहीद वॉल पर किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल केशरवानी को संयोजक बनाया गया है, जबकि अनुज कुशवाहा और पिछड़ा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष राजेश निषाद को सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इससे पहले मंगलवार को काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया और क्षेत्रीय प्रभारी रमेश सिंह ने जनप्रतिनिधियों तथा पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पदयात्रा की रूपरेखा पर चर्चा की थी। पार्टी स्तर पर विभिन्न जिलों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारी की जा रही है।

बैठक में डॉ. शैलेश पांडेय, रमेश पासी, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, आनंद सोनकर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र मिश्र, शशि वार्ष्णेय, विजय श्रीवास्तव, प्रमोद मोदी, सचिन जायसवाल, मंजीत कुशवाहा, संजय पासवान, रीता सिंह, चंद्रा अहलुवालिया, पवन श्रीवास्तव, प्रिया कैथवास, कंचनलता कुशवाहा, सुजीत कुशवाहा और विश्वास श्रीवास्तव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768476 Articles

Share this story