चंद्रशेखर आजाद गंगा सेतु के समानांतर एक और टू लेन पुल बनाने की विधायक ने केंद्रीय मंत्री से की मांग
प्रयागराज, 07 सितंबर (हि.स.)। चंद्रशेखर आजाद गंगा सेतु पर बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए भाजपा विधायक हर्षवर्धन बाजपेई ने इसके समानांतर एक और दो लेन पुल के निर्माण की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया है।
विधायक ने पत्र में बताया कि चंद्रशेखर आजाद गंगा सेतु राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत दो लेन का पुल है और इसके दोनों किनारों पर चार लेन की सड़क संचालित है। पुल पर लगातार यातायात बढ़ने के कारण कई बार जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने कहा कि पुल के समानांतर एक और दो लेन पुल बनने से यातायात का दबाव कम होगा और आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।
उन्होंने पत्र में कहा कि महाकुंभ, अर्धकुंभ तथा प्रत्येक वर्ष लगने वाले माघ मेले के दौरान प्रयागराज में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे अवसरों पर पुल पर यातायात का दबाव और बढ़ जाता है। वर्तमान व्यवस्था में माघ मेले के दौरान कई बार अस्थायी रूप से अतिरिक्त पीपापुल का निर्माण करना पड़ता है।
यातायात व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
हर्षवर्धन बाजपेई ने कहा कि गंगा सेतु के समानांतर एक और दो लेन पुल का निर्माण होने से प्रयागराज की यातायात व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूती मिलेगी। इससे आम दिनों के साथ ही बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान भी लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
हर्षवर्धन बाजपेई ने कहा, “चंद्रशेखर आजाद गंगा सेतु पर लगातार बढ़ रहे यातायात को देखते हुए इसके समानांतर एक और दो लेन पुल का निर्माण आवश्यक है। इससे जाम की समस्या कम होगी और प्रयागराज आने-जाने वाले लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सकेगी। मैंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को निर्देशित करने का अनुरोध किया है।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

