प्रयागराज : शहर उत्तरी के विकास को मिली एक साथ तीन बड़ी सौगात
भाजपा विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी के प्रयासों से तीन स्थानों पर लघु सेतु निर्माण को मिली स्वीकृति
प्रयागराज, 06 सितंबर (हि.स.)। शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए तीन महत्वपूर्ण स्थानों पर लघु सेतु निर्माण को स्वीकृति मिली है। इन सेतुओं के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी। भाजपा विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी के प्रयासों से स्वीकृत इन तीनों परियोजनाओं की कुल लागत 502.06 लाख रुपये है।
स्वीकृत कार्यों में गंगा नगर गली नंबर 21 के नाले पर लघु सेतु के निर्माण के लिए 159.69 लाख रुपये, पोनपा रोड के पास नाले पर लघु सेतु के लिए 160.79 लाख रुपये तथा कालीघाटी धाम-बसरना नाले पर लघु सेतु के लिए 181.58 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन लघु सेतुओं के निर्माण से लंबे समय से आवागमन की समस्या का सामना कर रहे स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों के बीच संपर्क बेहतर होगा और लोगों को आने-जाने में कम समय लगेगा।
जनता की जरूरतों को प्राथमिकता
भाजपा विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने कहा कि क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी आवश्यकताओं को समझते हुए इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा, “मेरा प्रयास है कि शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य केवल घोषणाओं तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ सीधे जनता तक पहुंचे। इन तीनों लघु सेतुओं के निर्माण से लोगों का आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी।”
विधायक ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान और क्षेत्र का संतुलित विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित स्तर पर लगातार प्रयास कर इन विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाने के लिए पहल की है।
विकास कार्यों को मिलेगी नई गति
तीनों परियोजनाओं की स्वीकृति को शहर उत्तरी क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर लघु सेतुओं के निर्माण से लोगों को सुविधा मिलने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में विकास गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
हर्षवर्धन बाजपेयी ने कहा कि “जनता की समस्या को अपनी समस्या मानकर उसका स्थायी समाधान कराने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। शहर उत्तरी में सड़क, पुल-पुलिया और संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आगे भी आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता दिलाई जाएगी।”
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र को बेहतर बुनियादी सुविधाओं से जोड़ते हुए सुगम आवागमन और सर्वांगीण विकास वाला क्षेत्र बनाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

