गुरु रविदास का जीवन सामाजिक समरसता और समानता का संदेश : रत्नाकर सिंह पटेल
समरस समाज का निर्माण ही गुरु रविदास को सच्ची श्रद्धांजलि : दिलीप कुमार चतुर्वेदी
प्रयागराज, 29 जुलाई (हि.स.)। संत गुरु रविदास का पूरा जीवन सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और सेवा की प्रेरणा देता है। उक्त विचार संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी प्रयागराज(भाजपा) यमुनापार की ओर से चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत बुधवार को नारीबारी मंडल में दीपोत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री रत्नाकर सिंह पटेल ने व्यक्त किया।
उन्होंने उनके विचार आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकता और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की सीख देते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास के विचारों को अपने जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्चा सम्मान है।
संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी प्रयागराज यमुनापार की ओर से चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत बुधवार को नारीबारी मंडल में दीपोत्सव आयोजित किया गया। श्री सर्वेश्वर हनुमान मंदिर और शिव मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दीप जलाकर सामाजिक समरसता, समानता और सद्भाव का संदेश दिया गया।
श्री सर्वेश्वर हनुमान मंदिर में भाजपा जिला महामंत्री रत्नाकर सिंह पटेल मुख्य अतिथि रहे, जबकि शिव मंदिर परिसर में जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में सहभागिता की। दोनों ने मंदिर के पुजारी रमेश दास महाराज को अंगवस्त्र पहनाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर गुरु रविदास के आदर्शों पर चलने और समरस समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि गुरु रविदास ने अपनी वाणी और आचरण से समाज को समानता, भाईचारे और सेवा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव केवल दीप जलाने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एकता, समरसता और सांस्कृतिक चेतना का प्रकाश फैलाने का संकल्प है। गुरु रविदास के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना ही समरसता संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष आशीष पाल ने की। इस अवसर पर मंडल प्रभारी बड़ोखर वीरेन्द्र शुक्ला, धर्मराज पाल, प्रदीप मिश्र, राजेश केसरवानी, नीरज त्रिपाठी, धनंजय सिंह, धीरेन्द्र मिश्र, बृजेश मिश्र और रमेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

