विपक्ष की अफवाहों का जवाब देने के लिए चार नवंबर को भाजपा निकालेगी विशाल पदयात्रा

WhatsApp Channel Join Now
विपक्ष की अफवाहों का जवाब देने के लिए चार नवंबर को भाजपा निकालेगी विशाल पदयात्रा


विपक्ष की अफवाहों का जवाब देने के लिए चार नवंबर को भाजपा निकालेगी विशाल पदयात्रा


प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह बोले- 2027 में फिर सरकार बनाएगी भाजपा, कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं

प्रयागराज, 27 अक्टूबर (हि.स.)। विपक्ष लगातार निराधार अफवाहें फैलाने का प्रयास कर रहा है। भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता के बीच विपक्ष के इन प्रयासों का जवाब देंगे। इसी उद्देश्य से चार नवंबर को प्रयागराज में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के संदेश के साथ विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। यह बातें मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में पदयात्रा की तैयारियों को लेकर काशी क्षेत्र और जिला पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की हुई बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह ने कहीं।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 में एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगी। कार्यकर्ताओं से पदयात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, जनभागीदारी और संगठन की तैयारियों पर चर्चा की गई।

रमेश सिंह ने कहा कि विपक्ष को लगता है कि कुछ नेताओं से इस्तीफे की मांग करने से वह दूसरे नेताओं पर भी दबाव बना सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पदयात्रा के माध्यम से जनता तक पार्टी का संदेश पहुंचाएं और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें।

30 हजार लोगों को शामिल करने का लक्ष्य

बैठक में भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य लोकतंत्र बचाने, देश की रक्षा करने और अराजकता हटाने का संदेश देना है। इसमें 30 हजार से अधिक लोगों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। पदयात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ डॉक्टर, वक्ता, समाजसेवी, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और आम नागरिक भी शामिल होंगे।

अशोक चौरसिया ने विपक्ष पर लोगों को भड़काने और देश की छवि धूमिल करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पदयात्रा के माध्यम से जनता के बीच पार्टी का पक्ष रखा जाएगा।

पत्थर गिरजाघर से शहीद वाल तक निकलेगी पदयात्रा

चार नवंबर को दोपहर 12 बजे पदयात्रा पत्थर गिरजाघर स्थित धरना स्थल से शुरू होगी। वहां से यात्रा शहीद वाल तक जाएगी, जहां इसका समापन होगा। इसमें प्रयागराज महानगर, गंगापार और यमुनापार के अलावा कौशांबी, मिर्जापुर, भदोही और प्रतापगढ़ के कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न वर्गों के लोगों के शामिल होने की संभावना है।

बैठक में प्रयागराज महानगर प्रभारी राकेश त्रिवेदी, गंगापार प्रभारी अशोक कुमार मिश्रा, यमुनापार प्रभारी अनिल सिंह, काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, महापौर गणेश केसरवानी, सांसद प्रवीण पटेल, राज्यसभा सांसद राधाकांत ओझा, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, डॉ. केपी श्रीवास्तव, कविता पटेल, अनीता त्रिपाठी, अमरनाथ यादव, रमेश पासी, डॉ. शैलेश पांडेय, अनिल केशरवानी और मीडिया विभाग के विवेक मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767912 Articles

Share this story