भगवान बिरसा मुंडा का त्याग और बलिदान युगों तक याद रखा जाएगा : संजय गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
भगवान बिरसा मुंडा का त्याग और बलिदान युगों तक याद रखा जाएगा : संजय गुप्ता


जनजाति गौरव दिवस पखवाड़े के रूप में मनाई गई धरती आबा की 152वीं जयंती जनजातीय समाज के गौरव और अधिकारों की रक्षा का लिया संकल्प

प्रयागराज, 17 नवंबर (हि.स.)। भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। उनका त्याग और बलिदान युगों तक याद रखा जाएगा। वह केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि महान समाज सुधारक भी थे। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत, जमींदारों और साहूकारों के अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाकर जनजातीय समाज को अधिकारों के प्रति जागरूक किया। यह बातें भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की 152वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कहीं।

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को जनजाति गौरव दिवस पखवाड़े के रूप में मनाया गया। संजय गुप्ता ने कहा कि बचपन से ही बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज पर अंग्रेजी शासन, जमींदारों और साहूकारों के अत्याचारों को देखा था। अंग्रेजों ने जनजातीय समाज के पारंपरिक 'खूंटकट्टी' भूमि अधिकार छीन लिए थे और उन्हें अपनी ही जमीन पर बंधुआ मजदूर बनने के लिए मजबूर किया जा रहा था। ऐसे समय में बिरसा मुंडा ने अन्याय के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंका और समाज को संगठित किया।

इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति मोर्चा के महानगर अध्यक्ष राजेश गोंड ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने 'उलगुलान' यानी महान विद्रोह का नेतृत्व किया था। उन्होंने नारा दिया था—'अबुआ राज एते जाना, महारानी राज टुंडू जाना', जिसका अर्थ है कि अब हमारा अपना शासन आएगा और महारानी का शासन समाप्त होगा। उन्होंने जनजातीय समाज को नशाखोरी और अंधविश्वास से दूर रहने तथा अपनी संस्कृति, परंपराओं और जल-जंगल-जमीन की रक्षा करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में डॉ. धर्मेंद्र गोंड, रामनरेश गोंड, दिनेश कुमार गोंड, डॉ. श्याम, देवकुंड, शंकर लाल धुरिया, संजय धुरिया, अजीत, धर्मेंद्र कुमार, अभिषेक गौड़, प्रियांशु धुरिया, रितेश, सचिन गौड़ और बजरंग बहादुर धुरिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778766 Articles

Share this story