इलाहाबाद विश्वविद्यालय में उर्दू विषय से पीएचडी प्रवेश के लिए आवेदन 16 नवंबर तक

WhatsApp Channel Join Now
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में उर्दू विषय से पीएचडी प्रवेश के लिए आवेदन 16 नवंबर तक


यूजीसी जेआरएफ अभ्यर्थियों के साथ नेट और केवल पीएचडी प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका, श्रेणीवार कटऑफ जारी

प्रयागराज, 02 नवंबर (हि.स.)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग में पीएचडी प्रवेश 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रवेश के लिए निर्धारित कटऑफ में शामिल अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक प्रमाणपत्रों और शोध प्रस्ताव (शोध सारांश) के साथ आवेदन करना होगा। आवेदन पत्र और शोध प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि 16 नवंबर निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रपत्र में आवेदन के साथ सभी जरूरी दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां उर्दू विभाग कार्यालय में जमा करनी होंगी।

विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी प्रो. जया कपूर ने बताया कि उर्दू विषय में पीएचडी प्रवेश के लिए यूजीसी जेआरएफ उत्तीर्ण सभी पात्र अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। वहीं, नेट अथवा केवल पीएचडी प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए श्रेणीवार कटऑफ निर्धारित की गई है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 170 या इससे अधिक, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 160 या इससे अधिक, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 114 या इससे अधिक, अनुसूचित जाति के लिए 160 या इससे अधिक और दिव्यांग श्रेणी के लिए 146 या इससे अधिक अंक निर्धारित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ तीन प्रतियों में शोध प्रस्ताव जमा करना अनिवार्य है। इसके अलावा यूजीसी जेआरएफ, नेट अथवा पीएचडी प्रवेश परीक्षा का अंकपत्र, परास्नातक और स्नातक की अंकतालिका एवं प्रमाणपत्र, इंटरमीडिएट और हाईस्कूल की अंकतालिका एवं प्रमाणपत्र भी लगाने होंगे। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के निर्धारित प्रारूप में श्रेणी प्रमाणपत्र तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में दिव्यांगता प्रमाणपत्र देना होगा। आवेदन के साथ आधार कार्ड की प्रति भी जमा करनी होगी।

विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा तक दस्तावेज जमा करने वाले अभ्यर्थियों को ही पीएचडी प्रवेश साक्षात्कार में शामिल होने का अवसर मिलेगा। प्रवेश पूरी तरह मेरिट और संबंधित श्रेणी एवं इकाई में उपलब्ध सीटों के आधार पर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ 16 नवंबर 2026 तक उर्दू विभाग कार्यालय में आवेदन जमा करना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story