इलाहाबाद विश्वविद्यालय में सेमेस्टर बैक परीक्षा के लिए आवेदन 18 नवंबर तक

WhatsApp Channel Join Now
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में सेमेस्टर बैक परीक्षा के लिए आवेदन 18 नवंबर तक


बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए सूचना जारी, तीन श्रेणियों में कर सकेंगे आवेदन

प्रयागराज, 23 अक्टूबर (हि.स.)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय और उसके संघटक महाविद्यालयों के शैक्षिक सत्र 2026-27 के विद्यार्थियों के लिए प्रथम सेमेस्टर की द्वितीय परीक्षा (एसई) और सेमेस्टर बैक परीक्षा के आवेदन की प्रक्रिया शुरू की गई है। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को आवेदन पत्र और निर्धारित शुल्क की रसीद 18 नवंबर 2026 तक जमा करने का निर्देश दिया है।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, बीए, बीएससी और बीकॉम पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को उनकी स्थिति के अनुसार अलग-अलग श्रेणियों में आवेदन करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 18 नवंबर निर्धारित की गई है।

तीन श्रेणियों में कर सकेंगे आवेदन

तीसरे सेमेस्टर में पढ़ रहे ऐसे विद्यार्थी, जिनकी प्रथम सेमेस्टर की अंकतालिका में द्वितीय परीक्षा (एसई) के लिए पात्रता दर्ज है, वे द्वितीय परीक्षा का आवेदन पत्र भरेंगे। इसके साथ एसई अथवा बैक पेपर शुल्क की रसीद और वर्तमान सत्र में जमा तीसरे सेमेस्टर के नियमित शुल्क की रसीद लगानी होगी।

तीसरे सेमेस्टर में अध्ययनरत ऐसे विद्यार्थी, जिनके प्रथम सेमेस्टर में सेमेस्टर बैक है, वे प्रथम सेमेस्टर के सभी प्रश्नपत्रों की परीक्षा पूर्व विद्यार्थी के रूप में दे सकेंगे। इसके लिए सेमेस्टर बैक का आवेदन पत्र भरकर तीसरे सेमेस्टर के नियमित शुल्क की रसीद संलग्न करनी होगी। सूचना के अनुसार, इन विद्यार्थियों का बैक परीक्षा शुल्क तीसरे सेमेस्टर के नियमित शुल्क के साथ पहले ही लिया जा चुका है, इसलिए इसे दोबारा जमा नहीं करना होगा।

वहीं, ईयर बैक वाले ऐसे विद्यार्थी जो वर्तमान में तीसरे सेमेस्टर में अध्ययनरत नहीं हैं, उन्हें प्रथम सेमेस्टर के सभी प्रश्नपत्रों की परीक्षा पूर्व विद्यार्थी के रूप में देने के लिए आवेदन करना होगा। इन्हें विश्वविद्यालय के शुल्क पोर्टल पर अपनी नामांकन संख्या दर्ज कर निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा करना होगा और शुल्क रसीद आवेदन पत्र के साथ संलग्न करनी होगी।

यहां जमा करें आवेदन पत्र

विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को आवेदन पत्र और शुल्क रसीद एफसीआई भवन स्थित संबंधित बीए, बीएससी और बीकॉम काउंटर पर जमा करनी होगी। संघटक महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को अपने महाविद्यालय के प्राचार्य कार्यालय में आवेदन जमा करना होगा।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी प्रो. जया कपूर ने शुक्रवार काे बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रथम सेमेस्टर की द्वितीय परीक्षा और सेमेस्टर बैक परीक्षा के आवेदन से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विद्यार्थियों को अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन पत्र भरकर निर्धारित शुल्क की रसीद के साथ 18 नवंबर तक जमा करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि आवेदन करने से पहले सूचना में दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

महत्वपूर्ण सूचना: यह निर्देश केवल प्रथम सेमेस्टर की द्वितीय परीक्षा, सेमेस्टर बैक और ईयर बैक वाले विद्यार्थियों के लिए है। दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा के लिए अलग से सूचना जारी होने पर आवेदन करना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765759 Articles

Share this story