प्राचीन काल से ही भारत में कौशल विकास पर दिया गया जोर : प्रो. संगीता श्रीवास्तव

WhatsApp Channel Join Now
प्राचीन काल से ही भारत में कौशल विकास पर दिया गया जोर : प्रो. संगीता श्रीवास्तव


प्राचीन काल से ही भारत में कौशल विकास पर दिया गया जोर : प्रो. संगीता श्रीवास्तव


नई शिक्षा नीति में कौशल और 64 कलाओं को विकसित करने पर बल, इलाहाबाद विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ

प्रयागराज, 23 नवंबर (हि.स.)। भारत में प्राचीन काल से ही कौशल विकास पर विशेष जोर दिया जाता रहा है। बाणभट्ट ने अपनी पुस्तक 'कादंबरी' में 64 कलाओं का उल्लेख किया है। नई शिक्षा नीति में भी इन्हीं कलाओं और कौशल को विकसित करने पर जोर दिया गया है। विद्यार्थियों को केवल पढ़ाने के बजाय करके सीखने का अवसर देना जरूरी है। विज्ञान और कौशल के बिना किसी भी पाठ्यक्रम का महत्व नहीं है। यह बातें इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने सोमवार को परिवार एवं सामुदायिक विज्ञान विभाग में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में कहीं।

कुलपति ने कहा कि परिवार एवं सामुदायिक विज्ञान विभाग विज्ञान और कला दोनों से जुड़ा होने के साथ ही आम जीवन के बेहद करीब है। यहां विद्यार्थियों को व्यावहारिक सामाजिक समस्याओं के समाधान की शिक्षा दी जाती है। गृह विज्ञान के प्रयोग और व्यावहारिक कार्य सामान्य जीवन से सीधे जुड़े हैं। विभाग में शोध और पेटेंट को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। इससे आर्थिक लाभ के साथ समाज को भी बड़े स्तर पर फायदा मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि हाथ से काम करने और मस्तिष्क से समझने पर अधिक सीखने को मिलता है, जबकि केवल पढ़ने से उतनी समझ विकसित नहीं होती। इसलिए विद्यार्थियों को 'करके सीखने' की पद्धति से शिक्षित करने की जरूरत है। पाठ्यक्रमों में व्यावहारिक और प्रयोग आधारित अध्ययन को बढ़ावा देना चाहिए। विद्यार्थी नए प्रयोगों के दौरान गलतियां करते हैं और उनसे सीखते हैं। लगातार प्रयास से ही सफलता मिलती है। ज्ञान की सार्थकता तभी है, जब उसका उपयोग आम लोगों की समस्याओं के समाधान में हो सके।

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की प्रो. द्विव्या रानी सिंह ने कहा कि परिवार एवं सामुदायिक विज्ञान के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी। विषय का ज्ञान, पाठ्यक्रम, कौशल विकास, कार्यक्षमता, नेतृत्व और सामाजिक प्रभाव जैसे चरण विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। इस विषय के पाठ्यक्रम व्यक्ति से लेकर परिवार, समाज और राज्य के विकास में योगदान दे सकते हैं। मानव विकास के लिए गरीबों और किसानों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने गृह विज्ञान के पाठ्यक्रमों में एकरूपता लाने की आवश्यकता भी बताई। कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को पूरा करने में परिवार एवं सामुदायिक विज्ञान की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

अमेरिका के रटगर्स विश्वविद्यालय की प्रो. शैलजा माथुर ने भारत में सामुदायिक विज्ञान विभाग की शुरुआती स्थिति पर प्रकाश डाला। उन्होंने अमेरिका में परिवार एवं सामुदायिक विज्ञान की वर्तमान स्थिति और भविष्य की दिशा पर भी विस्तार से जानकारी दी।

इससे पहले कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर संगोष्ठी का उद्घाटन किया। संगीत विभाग की ओर से कुलगीत प्रस्तुत किया गया। संगोष्ठी की संयोजक प्रो. अंजली माथुर ने अतिथियों का स्वागत किया और आयोजन की विषयवस्तु पर प्रकाश डाला। अतिथियों को पुष्पगुच्छ, पौधे और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सह संयोजक डॉ. नीतू मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। डॉ. मोनिशा सिंह ने संचालन किया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक, शोधार्थी और अतिथि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782190 Articles

Share this story