प्रो. एमपी सिंह होंगे इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी के समन्वयक

WhatsApp Channel Join Now
प्रो. एमपी सिंह होंगे इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी के समन्वयक


13 अक्टूबर को संभालेंगे कार्यभार, दो वर्ष की अवधि के लिए हुई नियुक्ति

प्रयागराज, 25 सितंबर (हि.स.)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रो. एमपी सिंह को सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी का नया समन्वयक नियुक्त किया गया है। कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव के अनुमोदन के बाद कुलसचिव प्रो. आशीष खरे ने उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया है। प्रो. एमपी सिंह 13 अक्टूबर 2026 को अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। उनकी नियुक्ति दो वर्ष के लिए की गई है। विश्वविद्यालय का सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में शिक्षण और शोध कार्य करता है।

प्रो. एमपी सिंह सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी में वर्तमान समन्वयक प्रो. शांथि सुंदरम से कार्यभार ग्रहण करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, नई जिम्मेदारी के तहत वे केंद्र के शैक्षणिक और शोध संबंधी कार्यों के समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।

विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी प्रो. जया कपूर ने शुक्रवार काे बताया कि कुलपति के अनुमोदन के बाद कुलसचिव की ओर से प्रो. एमपी सिंह की नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ केंद्र के शैक्षणिक एवं शोध कार्यों को आगे बढ़ाने में समन्वयक की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय का सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी वर्ष 1999 में इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरडिसिप्लिनरी स्टडीज के अंतर्गत स्थापित हुआ था। केंद्र में एमएससी बायोटेक्नोलॉजी और पीएचडी कार्यक्रम संचालित होते हैं। यहां सायनोबैक्टीरियल, माइक्रोबियल एवं मशरूम बायोटेक्नोलॉजी, एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस, नैनो टेक्नोलॉजी, औषधि विकास, बायोइन्फॉर्मेटिक्स और मेटाजीनोमिक्स जैसे क्षेत्रों में शोध कार्य किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story