इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश के लिए दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार 02 से 05 नवंबर तक

WhatsApp Channel Join Now
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश के लिए दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार 02 से 05 नवंबर तक


वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रशासन विभाग ने जारी किया कार्यक्रम, श्रेणीवार निर्धारित की गईं तिथियां

प्रयागराज, 16 अक्टूबर (हि.स.)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026-27 के पीएचडी प्रवेश के लिए दस्तावेज सत्यापन और शोध अभिरुचि परीक्षा (साक्षात्कार) का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रशासन विभाग में यह प्रक्रिया 02 से 05 नवंबर तक चलेगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर अपने मूल दस्तावेजों और प्रत्येक दस्तावेज की एक स्वप्रमाणित छायाप्रति के साथ उपस्थित होना होगा। दस्तावेज सत्यापन सफल होने के बाद ही अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में शामिल होने की अनुमति मिलेगी। यह जानकारी शुक्रवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी प्रो. जया कपूर ने दी।

उन्होंने बताया कि पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अधिसूचना और प्रवेश विवरणिका का ध्यानपूर्वक अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक प्रमाणपत्रों के साथ उपस्थित होना जरूरी है। दस्तावेजों की कमी होने पर अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में शामिल होने का अवसर नहीं मिलेगा।

श्रेणीवार निर्धारित किया गया कार्यक्रम

विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, जेआरएफ (JRF) अभ्यर्थियों और दस्तावेज सत्यापन से छूट प्राप्त अभ्यर्थियों के लिए दो नवंबर को सुबह नौ बजे से प्रक्रिया शुरू होगी। नेट/पीएचडी श्रेणी के अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों का सत्यापन और साक्षात्कार तीन नवंबर, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों का चार नवंबर तथा ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और दिव्यांग (PwBD) श्रेणी के अभ्यर्थियों का पांच नवंबर को सुबह नौ बजे से होगा।

यह प्रक्रिया वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रशासन विभागाध्यक्ष के कार्यालय में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को संबंधित तिथि और श्रेणी के अनुसार समय पर पहुंचना होगा।

शोध इकाई की प्राथमिकता और शैक्षणिक विवरण देना अनिवार्य

विभाग के निर्देशों के अनुसार, पात्र अभ्यर्थियों को विभिन्न शोध इकाइयों के लिए अपनी प्राथमिकता दर्शाने वाला निर्धारित प्रेफरेंस फॉर्म (अनुलग्नक-Y) और शैक्षणिक विवरण से संबंधित एकेडमिक डिटेल्स फॉर्म (अनुलग्नक-Z) भी प्रस्तुत करना होगा। दस्तावेज सत्यापन पूरा होने के बाद पात्र अभ्यर्थियों को अपने शोध प्रस्ताव के साथ साक्षात्कार में शामिल होना होगा।

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पीएचडी प्रवेश की प्रक्रिया निर्धारित पात्रता शर्तों और सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के अधीन होगी। केवल आवेदन करने या प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने से प्रवेश का अधिकार नहीं मिल जाता। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध अधिसूचना में दिए गए सभी निर्देशों का पालन करें।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762258 Articles

Share this story