समाज का आईना है मंटो का साहित्य, उनकी कहानियां देती हैं यथार्थ को समझने की दृष्टि : प्रो. अजय जैतली

WhatsApp Channel Join Now
समाज का आईना है मंटो का साहित्य, उनकी कहानियां देती हैं यथार्थ को समझने की दृष्टि : प्रो. अजय जैतली


समाज का आईना है मंटो का साहित्य, उनकी कहानियां देती हैं यथार्थ को समझने की दृष्टि : प्रो. अजय जैतली


इलाहाबाद विश्वविद्यालय में मेवाराम के उपन्यास ‘सआदत हसन मंटो’ पर हुई चर्चा, राजभाषा अनुभाग की ओर से आयोजित हुई ‘किताब वार्ता

प्रयागराज, 13 नवंबर (हि.स.)। सआदत हसन मंटो का साहित्य समाज का आईना है। उनकी कहानियां समाज को देखने और समझने की नई दृष्टि देती हैं। मंटो केवल लेखक नहीं, बल्कि समाज के सजग चिंतक थे। उनकी रचनाओं में जीवन का यथार्थ पूरी बेबाकी से सामने आता है। उनकी अभिव्यक्ति आज भी समाज में प्रासंगिक है। यह विचार प्रो. अजय जैतली ने शुक्रवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग स्थित धीरेंद्र वर्मा शताब्दी सभागार में व्यक्त किए। वह राजभाषा अनुभाग की ओर से आयोजित ‘किताब वार्ता’ कार्यक्रम में वरिष्ठ कथाकार मेवाराम के उपन्यास ‘सआदत हसन मंटो’ के लोकार्पण समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

प्रो. जैतली ने कहा कि मंटो की कहानियों को पढ़कर उन्होंने जीवन और समाज को देखने का नजरिया सीखा। मेवाराम ने अपने लेखन के माध्यम से साहित्य को केवल उपन्यास ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज भी दिए हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर स्वागत के साथ हुई। इसके बाद मंचस्थ अतिथियों ने उपन्यास का लोकार्पण किया। स्वागत वक्तव्य में हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. भूरेलाल ने कहा कि ‘सआदत हसन मंटो’ उपन्यास का महत्व सांस्कृतिक होने के साथ ऐतिहासिक भी है। इसमें दिए गए विवरण उपन्यास के कथानक को और समृद्ध बनाते हैं।

लेखक मेवाराम ने अपनी साहित्यिक यात्रा और लेखन प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए मंटो के जीवन तथा साहित्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने उपन्यास की रचना के पीछे के अनुभवों और उसकी तैयारी के बारे में भी बताया।

आलोचक प्रो. कुमार वीरेंद्र ने कहा कि उपन्यास में मंटो के सिनेमा, व्यक्तिगत जीवन, स्त्री जीवन, पागलखाने, जेल और अस्पताल से जुड़े प्रसंगों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है। मंटो के पात्रों की तरह उपन्यास के किरदार भी परंपरागत दायरों से अलग और बेबाक हैं। इसकी भाषा-शैली रोचक होने के साथ पाठकों में जिज्ञासा भी पैदा करती है।

‘सरस्वती’ के संपादक अनुपम परिहार ने कहा कि वह स्वयं मंटो की कहानियों से प्रभावित रहे हैं। मेवाराम ने तथ्यात्मक जानकारियों के साथ मंटो के व्यक्तित्व को समग्रता में प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। उन्होंने उपन्यास का नाट्य रूपांतरण किए जाने का सुझाव भी दिया।

उर्दू विभाग के अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में भी मंटो का साहित्य प्रासंगिक है। उन्होंने तवायफों के जीवन सहित समाज के उपेक्षित और संवेदनशील पक्षों को अपनी रचनाओं में प्रमुखता से स्थान दिया। उनकी पांच कहानियों पर मुकदमे चले थे। मेवाराम का यह उपन्यास मंटो के जीवन और साहित्य को समझने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

आलोचक डॉ. रवि नंदन सिंह ने मेवाराम की लेखन प्रक्रिया को व्यवस्थित और अन्य लेखकों से अलग बताया। उन्होंने कहा कि उनके उपन्यास केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहते, बल्कि पाठकों को महत्वपूर्ण जानकारियां और विस्तृत विवरण भी उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने इस कृति को जीवनीपरक उपन्यास बताया।

अंग्रेजी विभाग की अध्यक्ष प्रो. जया कपूर ने मंटो की कहानियों के संदर्भ में कहा कि मेवाराम ने उपन्यास में सामाजिक बंधनों और मंटो के जीवन के उन पहलुओं को उजागर किया है, जिन्होंने उन्हें एक विशिष्ट लेखक बनाया। अध्यक्षीय संबोधन में वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप कुमार गुप्त ने लेखक की साहित्यिक यात्रा और सृजनात्मकता की सराहना करते हुए उपन्यास में मंटो के जीवन एवं साहित्य के प्रस्तुतीकरण पर विचार रखे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. ग़ाज़ुला राजू ने किया। इस अवसर पर प्रो. शिव प्रसाद शुक्ला, प्रो. राहुल पटेल, डॉ. जनार्दन, डॉ. अनीता गोपेश, अनिल रंजन भौमिक, सीबी सिंह, दिव्या सिंह, डॉ. अमृता, डॉ. शिवकुमार यादव, डॉ. संतोष कुमार सिंह, डॉ. रमेश सिंह, डॉ. कल्पना वर्मा, डॉ. रतन कुमारी वर्मा, डॉ. रंजना और डॉ. प्रेयस अंकित सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी, शोधार्थी, लेखक के परिजन और शहर के कई नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story