साइबर बुलिंग, डॉक्सिंग और साइबर स्टॉकिंग से सतर्क रहें महिलाएं : डॉ. ए. नागरत्ना

WhatsApp Channel Join Now
साइबर बुलिंग, डॉक्सिंग और साइबर स्टॉकिंग से सतर्क रहें महिलाएं : डॉ. ए. नागरत्ना


साइबर बुलिंग, डॉक्सिंग और साइबर स्टॉकिंग से सतर्क रहें महिलाएं : डॉ. ए. नागरत्ना


महिला अध्ययन केंद्र के ऑनलाइन व्याख्यान में साइबर अपराधों से बचाव और कानूनी उपायों की दी जानकारी

प्रयागराज, 24 नवंबर (हि.स.)। साइबर बुलिंग, डॉक्सिंग और साइबर स्टॉकिंग जैसी ऑनलाइन गतिविधियां महिलाओं की निजता और सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती हैं। इनसे बचाव के लिए डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने के साथ ही साइबर अपराधों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी होना भी जरूरी है। साइबर अपराध की स्थिति में महिलाएं हेल्पलाइन नंबर 1930 और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकती हैं। यह जानकारी मंगलवार को नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी (एनएलएसआईयू), बेंगलुरु की एसोसिएट प्रोफेसर ऑफ लॉ डॉ. ए. नागरत्ना ने दी।

महिला अध्ययन केंद्र, इलाहाबाद विश्वविद्यालय की ओर से मंगलवार को गूगल मीट के माध्यम से “साइबर सुरक्षा और महिलाएं” विषय पर ऑनलाइन आमंत्रित व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें डॉ. नागरत्ना ने साइबर सुरक्षा की तकनीकों और इंटरनेट पर महिलाओं के सामने आने वाली विभिन्न चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि साइबर अपराध की शिकायत किस तरह दर्ज कराई जा सकती है और पीड़ितों के लिए कौन-कौन से कानूनी उपाय उपलब्ध हैं।

उन्होंने कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम यानी पॉश एक्ट और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला। बिना सहमति के किसी की निजी तस्वीरें प्रसारित करने से जुड़े अपराधों और उनके लिए उपलब्ध कानूनी संरक्षण की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला अध्ययन केंद्र की निदेशक प्रो. जया कपूर के स्वागत संबोधन से हुआ। सत्र का संचालन सहायक आचार्य गुरपिंदर कुमार ने किया। व्याख्यान में विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। इस संबंध में इलाहाबाद विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी प्रो. जया कपूर ने मंगलवार को जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782718 Articles

Share this story