अशासकीय महाविद्यालयों में प्राचार्य भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित, 110 अभ्यर्थी सफल

WhatsApp Channel Join Now
अशासकीय महाविद्यालयों में प्राचार्य भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित, 110 अभ्यर्थी सफल


21 नवंबर से एक सप्ताह तक वेबसाइट पर अनुक्रमांक और जन्मतिथि डालकर देख सकेंगे प्राप्तांक

प्रयागराज, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अशासकीय अनुदानित महाविद्यालयों और महिला महाविद्यालयों में प्राचार्य पद पर भर्ती का अंतिम चयन परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। विज्ञापित 111 पदों के सापेक्ष 110 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में एक पद का परिणाम फिलहाल रोक दिया गया है। यह जानकारी आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने दी।

उन्होंने बताया कि विज्ञापन संख्या 02/2026 के तहत जारी भर्ती का चयन परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट [www.upessc.up.gov.in](http://www.upessc.up.gov.in) पर उपलब्ध करा दिया गया है। चयनित अभ्यर्थियों का विवरण और श्रेणीवार कटऑफ भी वेबसाइट पर प्रदर्शित कर दिया गया है।

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि प्राचार्य पद के लिए लिखित परीक्षा 24 सितंबर 2026 को आयोजित की गई थी। इसमें सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 27, 28, 30 और 31 अक्टूबर तथा 17 नवंबर 2026 को कराया गया। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम चयन परिणाम तैयार किया गया है।

उन्होंने बताया कि साक्षात्कार के दौरान आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर पाने वाले कुछ अभ्यर्थियों का परिणाम औपबंधिक रखा गया है। ऐसे अभ्यर्थियों का चयन संबंधित अभिलेखों की पूर्ति और सत्यापन के अधीन रहेगा।

परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी 21 नवंबर से अगले एक सप्ताह तक आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपना अनुक्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर प्राप्तांक देख सकेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्राप्तांकों से संबंधित जानकारी के लिए सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत अलग से सूचना उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780662 Articles

Share this story