आशीर्वाद संस्था ने दिव्यांग बच्चों, जरूरतमंद परिवारों और बुजुर्गों के साथ मनाया दीपोत्सव, उपहार पाकर खिले चेहरे

WhatsApp Channel Join Now
आशीर्वाद संस्था ने दिव्यांग बच्चों, जरूरतमंद परिवारों और बुजुर्गों के साथ मनाया दीपोत्सव, उपहार पाकर खिले चेहरे


आशीर्वाद संस्था ने दिव्यांग बच्चों, जरूरतमंद परिवारों और बुजुर्गों के साथ मनाया दीपोत्सव, उपहार पाकर खिले चेहरे


प्रयागराज, 05 नवंबर (हि.स.)। दीपावली का असली आनंद तभी है, जब समाज का हर वर्ग त्योहार की खुशियों में शामिल हो। आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों के कारण कोई भी व्यक्ति त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे। इसी भावना के साथ आशीर्वाद संस्था की ओर से जिला पंचायत सभागार में ‘आशीर्वाद की दिवाली’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें दिव्यांग बच्चों, जरूरतमंद परिवारों के बच्चों और बुजुर्गों के साथ दीपावली की खुशियां साझा की गईं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गुरु गोबिंद सिंह मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह और ट्रस्टी दिलजीत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्था के सचिव मनीष वर्मा, उपाध्यक्ष काशिफ उद्दीन और सहसचिव विमल श्रीवास्तव ने अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। दिव्यांग बच्ची गुनगुन ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद मोरी गेट बस्ती और साईं कुष्ठ आश्रम के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। राजीव गांधी बधिर बौद्धिक अक्षम विद्यालय के बच्चों ने फिल्मी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

आयोजन का विशेष आकर्षण उपहार वितरण रहा। संस्था की ओर से दिव्यांग बच्चों, जरूरतमंद परिवारों के बच्चों और बुजुर्गों को दीपावली के उपहार दिए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम का संचालन अभिजीत मिश्रा ने किया।

इस मौके पर समाजसेवी अनुराधा, पंकज टंडन सहित संस्था के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संस्था की इस पहल का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों तक प्रेम, सम्मान और अपनत्व पहुंचाना है, ताकि दीपावली की रोशनी हर घर और हर चेहरे तक पहुंचे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773159 Articles

Share this story