आर्य समाज के सिद्धांतों पर चलकर राष्ट्र को बनाया जा सकता है समुन्नत : गणेश केसरवानी

WhatsApp Channel Join Now
आर्य समाज के सिद्धांतों पर चलकर राष्ट्र को बनाया जा सकता है समुन्नत : गणेश केसरवानी


आर्य समाज के सिद्धांतों पर चलकर राष्ट्र को बनाया जा सकता है समुन्नत : गणेश केसरवानी


आर्य समाज के सिद्धांतों पर चलकर राष्ट्र को बनाया जा सकता है समुन्नत : गणेश केसरवानी


आर्य समाज चौक के भव्य द्वार का लोकार्पण, वेद प्रचार सप्ताह का हुआ समापन

प्रयागराज, 04 सितंबर (हि.स.)। आर्य समाज के सिद्धांतों और वैदिक विचारों को अपनाकर राष्ट्र को समुन्नत बनाया जा सकता है। पिछले लगभग 150 वर्षों से आर्य समाज समाज और राष्ट्र की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह बातें शुक्रवार को प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी ने आर्य समाज चौक द्वारा आयोजित वेद प्रचार सप्ताह के समापन समारोह में कहीं।

आर्य समाज की स्थापना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 18 अगस्त 2026 से आयोजित वेद प्रचार सप्ताह का भव्य समापन समारोह आर्य समाज चौक में हुआ। इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी ने आर्य समाज चौक के नवनिर्मित भव्य द्वार का लोकार्पण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य यज्ञ के साथ हुआ। मुख्य अतिथि आर्य कन्या इण्टर कॉलेज के प्रबंधक पंकज जायसवाल, विनीता जायसवाल, आर्य समाज चौक के प्रधान रवीन्द्र नाथ जायसवाल, मंत्री पी. एन. मिश्र सहित अन्य अतिथियों ने यज्ञ में आहुति दी। आचार्य पं. अशोक कुमार ने वैदिक विधि-विधान से यज्ञ सम्पन्न कराया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार, वेद पाठ और भक्ति गीतों की प्रस्तुति हुई।

आर्य कन्या समूह के प्रबंधक पंकज जायसवाल ने स्वामी दयानंद सरस्वती के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नारी शिक्षा को बढ़ावा देना, जातिगत भेदभाव समाप्त करना, स्वराज और स्वदेशी की भावना को मजबूत करना राष्ट्र कल्याण के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने वेद प्रचार सप्ताह में सक्रिय रूप से योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

धर्माचार्य आचार्य अशोक कुमार ने परिवार जैसी महत्वपूर्ण संस्था के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वैदिक ज्ञान को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वैदिक मूल्यों के माध्यम से परिवार और समाज को मजबूत बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान वैदिक ज्ञान एवं आर्य समाज से संबंधित प्रश्नों पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई और विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

सुमित्रा आर्या ने योगीराज श्रीकृष्ण के जीवन और उनके विचारों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि हमें उनके बताए मार्ग और चिंतन को अपने जीवन में धारण करना चाहिए।

कार्यक्रम में डॉ. रंजना त्रिपाठी के निर्देशन में छात्राओं ने भजनों की सुरमयी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन आर्य कन्या डिग्री कॉलेज की मुख्य प्रॉक्टर डॉ. रंजना तिवारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पी. एन. मिश्र ने किया।

इस अवसर पर आर्य समाज के मदन शर्मा, संध्या आर्या, मीरा जायसवाल, आदित्य अग्रवाल, कमलेश अग्रवाल, प्रो. अर्चना पाठक, नीना प्रजापति, रिचा अवस्थी, डॉ. अमित पाण्डे, डॉ. श्याम कांत, डॉ. अनूपमा सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story