‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत 706 बच्चों को मिला सुरक्षा कवच, 3.44 करोड़ के मादक पदार्थ बरामद

WhatsApp Channel Join Now
‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत 706 बच्चों को मिला सुरक्षा कवच, 3.44 करोड़ के मादक पदार्थ बरामद


उत्तर मध्य रेलवे में आरपीएफ की प्रभावी कार्रवाई, प्रयागराज मंडल में 450 बच्चों को बचाया और 1.89 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ पकड़े

प्रयागराज, 17 अक्टूबर (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा के साथ जरूरतमंद बच्चों को संरक्षण देने और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। उत्तर मध्य रेलवे में वर्ष 2026 में 15 अक्टूबर तक ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत 706 बच्चों को सुरक्षित बचाया गया, जबकि ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के अंतर्गत 45 मामलों में 3.44 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए। यह जानकारी शनिवार को उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।

उन्होंने बताया कि इन अभियानों का उद्देश्य रेल परिसर और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ जरूरतमंद बच्चों की मदद करना तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।

अमित मालवीय के अनुसार, उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन में रेल यात्रियों की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम के लिए रेलवे सुरक्षा बल को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं, रेलवे सुरक्षा बल के महानिरीक्षक प्रदीप कुमार गुप्ता बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम और जरूरतमंद बच्चों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दे रहे हैं।

ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते से 706 बच्चों को मिली मदद

रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अकेले, बिछड़े हुए अथवा देखभाल और संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वर्ष 2026 में 15 अक्टूबर तक उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में कुल 706 बच्चों को बचाया गया। इनमें प्रयागराज मंडल में 450, झांसी मंडल में 189 और आगरा मंडल में 67 बच्चों को सहायता प्रदान की गई।

यह अभियान जरूरतमंद बच्चों की सुरक्षा और उनके प्रति संवेदनशीलता का उदाहरण है। रेलवे सुरक्षा बल ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक संरक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है।

नार्कोस अभियान में 3.44 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ बरामद

रेलवे परिसर और ट्रेनों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत 15 अक्टूबर 2026 तक कुल 45 मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 3,44,63,415 रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए। इनमें गांजा सहित अन्य मादक पदार्थ शामिल हैं।

मंडलवार आंकड़ों के अनुसार, प्रयागराज मंडल में 21 मामलों में 1,89,46,665 रुपये, झांसी मंडल में 13 मामलों में 79,70,300 रुपये और आगरा मंडल में 11 मामलों में 75,46,450 रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए।

सुरक्षा और जनसेवा पर जोर

अमित मालवीय ने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे का रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा, बच्चों के संरक्षण और रेल नेटवर्क के माध्यम से होने वाली अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए निरंतर प्रयासरत है। इन अभियानों में सतर्क निगरानी, समय पर कार्रवाई और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय के माध्यम से रेल परिसर को सुरक्षित बनाने पर जोर दिया जा रहा है। रेलवे सुरक्षा बल सुरक्षा के साथ सामाजिक दायित्व निभाते हुए जनहित में लगातार कार्य कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762736 Articles

Share this story