मां कल्याणी ने सिद्धिदात्री स्वरूप में दिए दिव्य दर्शन, उमड़े श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
मां कल्याणी ने सिद्धिदात्री स्वरूप में दिए दिव्य दर्शन, उमड़े श्रद्धालु


शंख, चक्र, गदा और पुष्प धारण कर कमल पर विराजमान हुईं मां कल्याणी महानवमी पर शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति कन्या पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन मिशन शक्ति के तहत नारी शक्ति वंदन पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ

प्रयागराज, 19 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र के महानवमी पर्व पर सोमवार को शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से देर रात तक भक्तों ने मां के दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। इस अवसर पर मां कल्याणी ने कमल पुष्प पर विराजमान होकर अपने हाथों में शंख, चक्र, गदा और पुष्प धारण किए सिद्धिदात्री स्वरूप में भक्तों को दिव्य दर्शन दिए। मां का गर्भगृह और दरबार सोने के आभूषणों, जड़ाऊ गहनों तथा रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था।

महानवमी पर सुबह 5:30 बजे मंदिर के महामंत्री पंडित श्याम जी पाठक ने मां कल्याणी की मंगला आरती और पूजन किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए। पट खुलते ही मां के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। भक्तों ने मां को हलवा, पूड़ी, पुष्प, नारियल और चुनरी अर्पित कर पूजा-अर्चना की।

मंदिर के अध्यक्ष पंडित सुशील पाठक ने कुंवारी कन्याओं का पूजन किया और उन्हें भोजन कराने के बाद विदाई दी। पंडित श्याम जी पाठक और यज्ञाचार्य संतोषानंद के आचार्यत्व में ब्राह्मणों ने ‘ॐ ऐं ह्रीं क्लीं सिद्धिदात्र्यै नमः’ मंत्र के उच्चारण के साथ मां सिद्धिदात्री की आराधना की। दोपहर दो बजे शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति की गई। इस दौरान बच्चों के मुंडन और कर्णछेदन संस्कार भी संपन्न कराए गए।

मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारा देर रात तक चलता रहा। शाम सात बजे पंडित सुशील पाठक ने मां कल्याणी की महाआरती की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

मिशन शक्ति के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम

महानवमी के अवसर पर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के तहत उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की ओर से नारी शक्ति वंदन पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से नारी सम्मान, सशक्तीकरण और समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर उच्चतम न्यायालय की न्यायमूर्ति सुनीता गुप्ता, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद उज्ज्वल रमण सिंह, महापौर गणेश केसरवानी, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, नगर आयुक्त साईं तेजा और विजय मिश्रा सहित अन्य लोगों ने मां कल्याणी देवी के दर्शन-पूजन किए।

मंदिर में उमड़ी भीड़ को देखते हुए मेले की व्यवस्थाओं में राजेश केसरवानी, अनिल पाठक, कृष्ण कुमार पाठक, दिलीप पाठक, राजेंद्र केसरवानी, मुकेश विमल, धर्मेंद्र और राहुल सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763711 Articles

Share this story