प्रयागराज शहर की सड़कों की 33 मशीनों से हो रही नियमित धुलाई, धूल प्रदूषण पर लगेगी लगाम

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज शहर की सड़कों की 33 मशीनों से हो रही नियमित धुलाई, धूल प्रदूषण पर लगेगी लगाम


प्रयागराज शहर की सड़कों की 33 मशीनों से हो रही नियमित धुलाई, धूल प्रदूषण पर लगेगी लगाम


नगर निगम चला रहा विशेष अभियान, 19 मिनी स्प्रिंकलर, सात बड़ी स्प्रिंकलर और सात मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनें लगाई गईं

प्रयागराज, 21 नवंबर (हि.स.)। शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार और धूल प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नगर निगम की ओर से नियमित धुलाई और जल छिड़काव अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, फुटपाथों, डिवाइडरों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ धुलाई कराई जा रही है। अभियान में कुल 33 मशीनें लगाई गई हैं। नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा के निर्देशन में यह कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कराया जा रहा है।

नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा ने शनिवार काे बताया कि शहर में धूल के जमाव को कम करने और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नियमित रूप से मशीनों का संचालन कराया जा रहा है। इसके तहत 19 मिनी स्प्रिंकलर, सात बड़ी स्प्रिंकलर और सात मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनों की मदद ली जा रही है। इन मशीनों से सड़कों पर पानी का छिड़काव करने के साथ प्रमुख मार्गों, चौराहों और फुटपाथों की धुलाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि अभियान में सड़कों के साथ रोड साइड की पटरियों, डिवाइडरों, मूर्तियों और पेड़-पौधों की भी नियमित सफाई और धुलाई कराई जा रही है। निर्धारित रोस्टर के अनुसार मशीनों का संचालन कर धूल को नियंत्रित करने और शहर की स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781206 Articles

Share this story