यूपीटेट -2026 के परिणाम पर आपत्ति अब ई-मेल से दर्ज करा सकेंगे अभ्यर्थी

WhatsApp Channel Join Now
यूपीटेट -2026 के परिणाम पर आपत्ति अब ई-मेल से दर्ज करा सकेंगे अभ्यर्थी


आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने दी जानकारी, 10 सितंबर तक भेजना होगा प्रत्यावेदन; कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं होंगे

प्रयागराज, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि यूपीटेट -2026 के घोषित परिणाम से संबंधित अनुतोष अथवा आपत्तियों के लिए अभ्यर्थियों को अब कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं है। अभ्यर्थी अपना प्रत्यावेदन 10 सितंबर 2026 तक आयोग के ई-मेल upesscprayagraj@gmail.com पर भेज सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अब इस संबंध में कार्यालय में ऑफलाइन प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 का परिणाम 26 अगस्त 2026 को घोषित किया गया था। परिणाम के संबंध में कुछ अभ्यर्थियों की ओर से आपत्तियां एवं प्रत्यावेदन प्रस्तुत किए जा रहे हैं। इसे देखते हुए आयोग ने प्रत्यावेदन भेजने के लिए ई-मेल की सुविधा उपलब्ध कराई है।

आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग की विज्ञप्ति संख्या 1898/48/(2026)/परीक्षा/2026-27, दिनांक 01 सितंबर 2026 के क्रम में यह व्यवस्था की गई है। परिणाम के संबंध में अपना अनुतोष प्रस्तुत करने के इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना प्रत्यावेदन ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं।

उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अपने प्रत्यावेदन 10 सितंबर तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दें। निर्धारित समयसीमा के बाद प्राप्त होने वाले प्रत्यावेदनों के संबंध में आयोग की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आयोग ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट किया है कि आज से कार्यालय में ऑफलाइन माध्यम से कोई प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। इससे अभ्यर्थियों को कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी और वे घर बैठे ही अपनी आपत्ति अथवा अनुतोष आयोग तक पहुंचा सकेंगे।

आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए समयसीमा के भीतर प्रत्यावेदन भेजने की अपील की है, ताकि प्राप्त प्रत्यावेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story