प्रयागराज में भीषण जलभराव पर सपा का प्रदर्शन, स्मार्ट सिटी के दावाें काे लेकर नेताओं ने कसा तंज

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज में भीषण जलभराव पर सपा का प्रदर्शन, स्मार्ट सिटी के दावाें काे लेकर नेताओं ने कसा तंज


प्रयागराज, 20 अगस्त (हि.स.)। शहर में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में हुए जलभराव को लेकर समाजवादी पार्टी महानगर इकाई ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पत्थर गिरजाघर स्थित धरना स्थल पर प्रदर्शन कर जलभराव की समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन एसीएम प्रथम ज्ञानेंद्र सिंह को सौंपा गया।

सपा नेताओं ने कहा कि भारी बारिश के कारण शहर की प्रमुख सड़कों के साथ ही थानों, अस्पतालों, विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों और कई मोहल्लों में कई दिनों से पानी भरा हुआ है। इससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। मुंडेरा, धूमनगंज, गौस नगर, करेली, साकेत नगर, मीरापट्टी, जार्ज टाउन, टैगोर टाउन, अल्लापुर, सलोरी, बघाड़ा, अशोक नगर, राजापुर, ऊंचवा गढ़ी और बेली गांव सहित कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कई स्थानों पर सीवर का गंदा पानी उलटकर घरों में घुस गया है। नैनी में स्टेशन रोड स्थित शिव मंदिर से राम मंदिर तक तथा जमुना नगर बस्ती में भी जलभराव की समस्या बताई गई। इसके अलावा चीनी मिल, रामलीला मैदान, चक डोडी, महेवा, डांडी, नंदन तालाब, नैनी बाजार और शंकर ढाल सहित कई क्षेत्रों में पानी भरा होने का दावा किया गया।

सपा नेताओं ने कहा कि जलभराव के कारण कई परिवारों के सामने पेयजल और खाद्यान्न का संकट खड़ा हो गया है। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित है, जिससे लोगों को अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। घरों में गंदा पानी घुसने से संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।

महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन ने कहा कि शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के दावों के बावजूद बारिश में जलभराव की समस्या गंभीर बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों में सरकारी धन का उचित उपयोग नहीं होने के कारण शहरवासियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

सपा नेताओं ने प्रशासन से जलभराव वाले क्षेत्रों से तत्काल पानी निकालने, सीवर व्यवस्था दुरुस्त करने, पेयजल और बिजली आपूर्ति बहाल करने तथा साफ-सफाई और दवा का छिड़काव कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष अनिल यादव, एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव, पूर्व विधायक सत्यवीर मुन्ना, बासुदेव यादव, महासचिव रविंद्र यादव एडवोकेट, तारिक सईद अज्जू, अमरनाथ मौर्य, दूधनाथ पटेल, बबन दुबे, पंधारी यादव, मयंक यादव जांटी, आस्था सिंह, रमाकांत पटेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। यह जानकारी सपा प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story