प्रयागराज : त्योहारों पर यात्रियों को राहत, विशेष ट्रेनों के बढ़ाए गए फेरे

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज : त्योहारों पर यात्रियों को राहत, विशेष ट्रेनों के बढ़ाए गए फेरे


प्रयागराज : त्योहारों पर यात्रियों को राहत, विशेष ट्रेनों के बढ़ाए गए फेरे


कानपुर–गुवाहाटी विशेष ट्रेन के भी 14 अतिरिक्त फेरे, कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव

प्रयागराज, 01 सितंबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों और शीतकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके तहत मुंबई सेंट्रल–कानपुर अनवरगंज, मुंबई सेंट्रल–कटिहार, प्रतापनगर–मऊ, सूरत–छपरा और उधना–मालदा टाउन विशेष ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा कानपुर सेंट्रल–गुवाहाटी विशेष ट्रेन के भी 14 अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने मंगलवार काे बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुगम और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष ट्रेनों के संचालन का विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन की तिथि और मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

कानपुर–मुंबई विशेष के अतिरिक्त फेरे

ट्रेन संख्या 09185 मुंबई सेंट्रल–कानपुर अनवरगंज के अतिरिक्त फेरे सितंबर में 6, 13, 20 और 27, अक्टूबर में 4, 11, 18 और 25 तथा नवंबर में 1, 8, 15, 22 और 29 को चलेंगे। वापसी में ट्रेन संख्या 09186 कानपुर अनवरगंज–मुंबई सेंट्रल के अतिरिक्त फेरे सितंबर में 7, 14, 21 और 28, अक्टूबर में 5, 12, 19 और 26 तथा नवंबर में 2, 9, 16, 23 और 30 को होंगे।

मुंबई–कटिहार विशेष में बदलाव

ट्रेन संख्या 09189/09190 मुंबई सेंट्रल–कटिहार विशेष के भी अतिरिक्त फेरे निर्धारित किए गए हैं। हालांकि लखनऊ स्टेशन पर निर्माण कार्य के कारण यह ट्रेन दोनों दिशाओं में लखनऊ के बजाय ऐशबाग स्टेशन पर रुकेगी। मुंबई से चलने वाली ट्रेन 5 सितंबर से ऐशबाग में दोपहर 1:20 बजे पहुंचेगी और 1:28 बजे रवाना होगी। कटिहार से चलने वाली ट्रेन 8 सितंबर से शाम 4:20 बजे ऐशबाग पहुंचेगी और 4:28 बजे रवाना होगी।

अगासौद यार्ड में तीसरी लाइन से संबंधित कार्य के कारण इस ट्रेन के दोनों दिशाओं के चार-चार फेरे भी निरस्त रहेंगे।

अन्य विशेष ट्रेनों के भी बढ़े फेरे

प्रतापनगर–मऊ विशेष (09195/09196) के अक्टूबर और नवंबर में अतिरिक्त फेरे होंगे। सूरत–छपरा विशेष (09065/09066) के अक्टूबर और नवंबर में अतिरिक्त फेरे चलाए जाएंगे। वहीं उधना–मालदा टाउन विशेष (09033/09034) के सितंबर, अक्टूबर और नवंबर में अतिरिक्त फेरे निर्धारित किए गए हैं।

निर्माण कार्यों के चलते इन ट्रेनों के कुछ फेरे निरस्त भी किए गए हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले रेलवे की अधिकृत सूचना से अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि कर लें।

कानपुर–गुवाहाटी विशेष के 14 अतिरिक्त फेरे

उत्तर मध्य रेलवे की ट्रेन संख्या 04127/04128 कानपुर सेंट्रल–गुवाहाटी–कानपुर सेंट्रल विशेष के संचालन की अवधि भी बढ़ाई गई है। ट्रेन संख्या 04127 कानपुर से गुवाहाटी के लिए 10 सितंबर से 10 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार चलेगी। वहीं 04128 गुवाहाटी से कानपुर के लिए 11 सितंबर से 11 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार संचालित होगी। दोनों दिशाओं में 14-14 अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे।

इस ट्रेन में कुल 19 कोच होंगे, जिसमें दो एसएलआर/डी, पांच सामान्य, नौ शयनयान, दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल है।

जनसंपर्क अधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story