प्रयागराज में 27 नवंबर को पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार मेला, देश-विदेश की कंपनियां देंगी नौकरी का अवसर

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज में 27 नवंबर को पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार मेला, देश-विदेश की कंपनियां देंगी नौकरी का अवसर


थल सेना, नौसेना और वायु सेना के पूर्व सैनिकों को मिलेगा रोजगार का मंच, सुरक्षा, आईटी, प्रशासन और स्वास्थ्य सेवा सहित कई क्षेत्रों में होंगी भर्तियां

प्रयागराज, 10 नवंबर (हि.स.)। सेना से सेवानिवृत्त होकर नागरिक जीवन में रोजगार की तलाश कर रहे पूर्व सैनिकों के लिए अच्छी खबर है। रक्षा मंत्रालय के पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के अंतर्गत डायरेक्टोरेट जनरल रीसेटलमेंट (डीजीआर) की ओर से 27 नवंबर को प्रयागराज में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। न्यू कैंटोनमेंट स्थित कोबरा ऑडिटोरियम में सुबह सात बजे से आयोजित होने वाले इस मेले में थल सेना, नौसेना और वायु सेना के पूर्व सैनिकों को विभिन्न कंपनियों और औद्योगिक संस्थानों में रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।

रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी एवं प्रवक्ता विंग कमांडर देबार्थो धर ने मंगलवार काे बताया कि पूर्व सैनिकों को नागरिक कार्यक्षेत्र से जोड़ने और उनके अनुभव एवं कौशल का लाभ विभिन्न संस्थानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। पूर्व सैनिकों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, तकनीकी दक्षता और कार्य के प्रति समर्पण जैसे गुण होते हैं, जो निजी कंपनियों और औद्योगिक संस्थानों के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।

उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में सुरक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी, प्रशासन, परिवहन एवं भंडारण व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवा और इंजीनियरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों के नियोक्ता शामिल होंगे। कंपनियों को पूर्व सैनिकों के बायोडाटा देखने और अपनी आवश्यकतानुसार योग्य अभ्यर्थियों का चयन करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही वे मेले में अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया भी पूरी कर सकेंगी।

विंग कमांडर देबार्थो धर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में डीजीआर की ओर से देश के विभिन्न शहरों में पूर्व सैनिकों के लिए कुल 18 रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पूर्व सैनिकों के पुनर्वास, कल्याण और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।

ऑनलाइन पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क

रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक पूर्व सैनिक और नियोक्ता www.esmhire.com पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। यह पूर्व सैनिकों के लिए तैयार किया गया कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित रोजगार मंच है। पंजीकरण का लिंक डीजीआर की आधिकारिक वेबसाइट www.dgrindia.gov.in पर भी उपलब्ध है। वेबसाइट पर रोजगार मेला विकल्प के माध्यम से पंजीकरण किया जा सकता है। पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और पूर्व सैनिकों तथा नियोक्ताओं के लिए पूरी तरह निशुल्क है।

यहां होगा आयोजन

रोजगार मेला 27 नवंबर को सुबह सात बजे से कोबरा ऑडिटोरियम, न्यू कैंटोनमेंट, प्रयागराज में आयोजित होगा। अधिक जानकारी के लिए संयुक्त निदेशक, डीआरजेड (सेंट्रल) से 0522-2481192 और डीजीआर के संयुक्त निदेशक (एसई) से 011-20863432 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा drzclkw@desw.gov.in और seopadgr@desw.gov.in पर ई-मेल भी किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775081 Articles

Share this story