सेवा संकल्प अभियान के प्रचार में सोशल मीडिया संयोजकों और इंफ्लूएंसर्स की अहम भूमिका : संजय गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प अभियान के प्रचार में सोशल मीडिया संयोजकों और इंफ्लूएंसर्स की अहम भूमिका : संजय गुप्ता


अभियान के कार्यक्रमों को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर

प्रयागराज, 16 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सोशल मीडिया संयोजकों और इंफ्लूएंसर्स की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार की योजनाओं और अभियान से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी जनता तक पहुंचाने में सोशल मीडिया प्रभावी माध्यम बन गया है। यह बातें भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बुधवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में कहीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और उनके जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों और प्रभावी संचालन को लेकर सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स, संगठन के सोशल मीडिया संयोजकों, मंडल अध्यक्षों तथा अभियान से जुड़े संयोजकों की बैठक आयोजित की गई।

संजय गुप्ता ने कहा कि प्रयागराज महानगर में बड़ी संख्या में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स सक्रिय हैं। संगठन के सोशल मीडिया संयोजक भी लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत होने वाले सभी कार्यक्रमों का सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 'आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत जिला, मंडल और बूथ स्तर पर लाभार्थियों से संपर्क किया जाएगा। उनके घरों तथा प्रमुख मंदिरों और स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान ‘सपनों का भारत’, ‘नमो गाथा’, ‘आंगन उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘बड़नगर से वाराणसी’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा हेतु अभियान’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की प्रदेश स्तर पर भी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई है।

बैठक में काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, अभियान संयोजक डॉ. शैलेश पांडेय, सह संयोजक विजय श्रीवास्तव, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, श्याम प्रकाश पांडेय, अनुज कुशवाहा, शुभम सिंह, आनंद दुबे, प्रियंका पराशर, चंद्रा अहलुवालिया, विवेक मिश्रा, पवन श्रीवास्तव, कल्पना शर्मा, मंजेश श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। संचालन दीप द्विवेदी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन सोशल मीडिया जिला संयोजक सुजीत कुशवाहा ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story