एयर मार्शल तेजपाल सिंह ने उप वायु सेना प्रमुख का पदभार संभाला, 3,500 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव

WhatsApp Channel Join Now
एयर मार्शल तेजपाल सिंह ने उप वायु सेना प्रमुख का पदभार संभाला, 3,500 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव


प्रयागराज, 01 अगस्त (हि.स.)। भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारी एयर मार्शल तेजपाल सिंह ने उप वायु सेना प्रमुख (डिप्टी चीफ ऑफ द एयर स्टाफ) का पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके पास 3,500 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव है और उन्होंने अपने सैन्य जीवन में कई महत्वपूर्ण परिचालन, कमान एवं स्टाफ दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। यह जानकारी शनिवार को रक्षा मंत्रालय, प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी एवं प्रवक्ता विंग कमांडर देबार्थो धर ने दी।

विंग कमांडर देबार्थो धर ने बताया कि एयर मार्शल तेजपाल सिंह, एवीएसएम, वीएम ने 1 अगस्त 2026 को उप वायु सेना प्रमुख का पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने से पहले उन्होंने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने बताया कि एयर मार्शल तेजपाल सिंह को 16 जून 1990 को भारतीय वायु सेना में लड़ाकू पायलट के रूप में कमीशन मिला था। वे कैटेगरी ‘ए’ के क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर तथा एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट हैं। अपने लंबे और गौरवपूर्ण सैन्य करियर में उन्होंने भारतीय वायु सेना के अनेक महत्वपूर्ण परिचालन, कमान और प्रशासनिक पदों पर उत्कृष्ट सेवाएं दी हैं।

जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, एयर मार्शल तेजपाल सिंह की विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2011 में वायु सेना पदक (वीएम) तथा वर्ष 2021 में अति विशिष्ट सेवा पदक (एवीएसएम) से सम्मानित किया जा चुका है।

विंग कमांडर देबार्थो धर ने बताया कि एयर मार्शल तेजपाल सिंह ने एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती, एसवाईएसएम, एवीएसएम, वीएम का स्थान लिया है। एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती 31 जुलाई 2026 को भारतीय वायु सेना में 39 वर्ष की उत्कृष्ट एवं गौरवपूर्ण सेवा पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story