किसानों के लिए छलावा साबित हुआ सरकारी आलू क्रय केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
किसानों के लिए छलावा साबित हुआ सरकारी आलू क्रय केंद्र


फर्रुखाबाद, 19 मई (हि.स.)। आलू मंडी सातनपुर में सरकारी आलू खरीद केंद्र पर किसानों का आलू न खरीदने का विरोध प्रदर्शन किसान नेता अशोक कटियार के नेतृत्व में किया गया। मंगलवार को एशिया प्रसिद्ध सातनपुर आलू मंडी में 28 अप्रैल को सरकारी खरीद केंद्र का शुभारंभ हुआ था, जिसकी अवधि मात्र 20 दिन रही। 18 मई को बन्द कर दिया गया। इन 20 दिनों में किसानों का एक किलो आलू भी नहीं खरीदा गया। बिल्कुल भी आलू नहीं खरीदने से गुस्साए किसानों ने विरोध में प्रदर्शन किया।

विरोध प्रदर्शन की अगुआई कर रहे अशोक कटियार ने कहा कि घोर मंदी से बदहाल किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित 650 रुपये कुंतल भाव में आलू खरीद होने की आशा जगी थी। सरकारी खरीद केंद्र पर किसानों का आलू न खरीदकर कर मजाक किया गया। इसकी घोर निन्दा करता हूं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि जनपद में शीघ्र ही आलू पर आधारित उद्योग की स्थापना की जाए। सरकार द्वारा पोलैंड, चीन, रूस आदि में अपने प्रतिनिधि मंडल भेजकर वहां से तकनीक मंगाकर आलू से बोदका, स्टार्च, शराब व कार्बोहाइड्रेट वाली व कैंसर रोधी दवाएं आदि बनाने हेतु उद्योग लगवाए जाएं। आलू को राशन की दूकानों पर वितरण करवाया जाए तथा पड़ोसी देशों में निर्यात करवाया जाए।

अशोक कटियार ने कहा कि आलू किसानों को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। यदि समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो किसान सत्याग्रह करने पर विवश होंगे। यह भी निर्णय लिया गया है कि शीघ्र ही एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story