हरसिंहपुर गंगा घाट पर 550 मीटर लंबा पीपा पुल शुरू, विंध्याचल जाने वालों को 15 किमी की राहत
मीरजापुर, 18 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र से पहले श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात देते हुए विकासखंड कोन क्षेत्र के हरसिंहपुर गंगा घाट पर बने पीपा पुल का बुधवार को नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस पुल के शुरू होते ही विंध्याचल धाम जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिल गई है।
करीब 1 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से बने इस पीपा पुल में कुल 139 पीपा लगाए गए हैं और इसकी लंबाई लगभग 550 मीटर है। पुल के चालू होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि विंध्याचल जाने वाले श्रद्धालुओं की दूरी करीब 15 किलोमीटर तक कम हो जाएगी।
नवरात्र के दौरान हरसिंहपुर गंगा घाट पर भारी भीड़ की संभावना जताई जा रही है। कोन क्षेत्र के साथ-साथ गोपीगंज की ओर से आने वाले श्रद्धालु अब शास्त्री पुल के अलावा तिलठी व श्रीपट्टी मार्ग होते हुए सीधे हरसिंहपुर घाट से पीपा पुल पार कर विंध्याचल धाम पहुंच सकेंगे।
उद्घाटन के मौके पर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप यह पुल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाया गया है। इससे जहां दर्शनार्थियों को राहत मिलेगी, वहीं स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अभियंता अशोक कुमार, सहायक अभियंता बालकृष्ण पांडे, अवर अभियंता अंजनी कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, मंडल अध्यक्ष उमेश तिवारी सहित निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार व बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

