यूपी पुलिस व एटीएस के पराक्रम पर देश को गर्व : मुख्यमंत्री याेगी

WhatsApp Channel Join Now
यूपी पुलिस व एटीएस के पराक्रम पर देश को गर्व : मुख्यमंत्री याेगी


यूपी पुलिस व एटीएस के पराक्रम पर देश को गर्व : मुख्यमंत्री याेगी


यूपी पुलिस व एटीएस के पराक्रम पर देश को गर्व : मुख्यमंत्री याेगी


यूपी पुलिस व एटीएस के पराक्रम पर देश को गर्व : मुख्यमंत्री याेगी


-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनएसजी व यूपी पुलिस के व्यापक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया शुभारंभ

लखनऊ, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर केंद्र व राज्य सरकार की नीति स्पष्ट है। अब न अपराधियों को अभय, न आतंकियों को अवसर और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता होता है। वैश्विक परिदृश्य में बदलती हुई चुनौतियों के कारण उनका मुकाबला करने के लिए साहस के साथ आधुनिक तकनीक, अचूक रणनीति, त्वरित निर्णय व टीमवर्क के साथ कार्रवाई करने की दक्षता अत्यंत आवश्यक है। एनएसजी व यूपी पुलिस का संयुक्त कार्यक्रम तैयारी की नई धार, आपसी समन्वय को नई शक्ति व सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को पुलिस लाइन में एनएसजी (नेशनल सिक्योरिटी गार्ड) व उत्तर प्रदेश पुलिस के व्यापक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री योगी ने कमांडोज द्वारा आतंकरोधी अभियानों, वीआईपी सुरक्षा, बम विस्फोट से बचाव समेत विभिन्न हैरतअंगेज प्रदर्शनों का भी अवलोकन किया। उन्होंने विश्वास जताया कि एनएसजी व यूपी पुलिस का साझा प्रयास देश की आंतरिक सुरक्षा को नई शक्ति व दिशा प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को यूपी पुलिस व एटीएस के पराक्रम पर गर्व है। जब एनएसजी के मंच पर 16वीं ऑल इंडिया पुलिस स्टैंड अलोन स्नाइपर प्रतियोगिता में एटीएस कमांडो टीम के दो स्नाइपर अचूक निशाना लगाने के दम पर स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाते हैं। जब एटीएस महिला कमांडो टीम का गठन कर उन्हें स्पॉट का अभिन्न हिस्सा बनाती है तो केवल ऑपरेशनल कदम नहीं, बल्कि उस भारत की हुंकार है, जहां बेटियां दुश्मन के छक्के छुड़ाने वाली रणचंडी के स्वरूप में दिखती हैं। प्रयागराज कुम्भ 2019 व महाकुम्भ-2025 का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब करोड़ों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाते हैं तो स्पॉट के कमांडो और यूपी पुलिस की अभेद्य सुरक्षा के कारण परिंदा पर भी नहीं मार सकता।

योगी ने कहा कि वह दौर याद करिए, जब उप्र दंगों की आग में झुलसता था और अपराधियों के हौसले बुलंद थे। चारों ओर अराजकता का साम्राज्य था, लेकिन अब प्रदेश में रूल ऑफ लॉ है। इसे सुनिश्चित करने के लिए पुलिस के इकोसिस्टम को मजबूत किया गया है। पुलिस भर्ती की पारदर्शी व्यवस्था के साथ ही उनकी क्षमता को सुदृढ़ किया गया। पुलिस को बेहतर संसाधन व आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर दिया गया। पुलिस के बजट को तीन से चार गुना किया गया और पुलिसकर्मियों के लिए आधुनिक आवासीय बैरक व बेहतरीन सुविधाएं की गईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस को टेक्नोलॉजी, क्विक रिस्पांस से जोड़ा गया। प्रदेश में साइबर थाने सभी 75 जनपदों में खोले गए। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे, 112 के रिस्पॉन्स टाइम को 65 मिनट से घटाकर 5-7 मिनट तक पहुंचाने में सफलता पाई गई। स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स का गठन कर उन्हें ट्रेनिंग के माध्यम से कैपिसिटी बिल्डिंग पर जोर दिया गया। माफिया के काल एसटीएफ की स्ट्रैंथनिंग, दंगाइयों की काल पीएसी को पुनर्जीवित करने के साथ तीन महिला पीएसी बटालियन का गठन किया गया। देवबंद से लेकर सीमावर्ती क्षेत्रों तक एटीएस के कमांडो सेंटर, मेट्रो, एयरपोर्ट, न्यायालय परिसरों व प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए यूपीएसएसएफ का गठन कर छह बटालियन को इससे जोड़ा गया। अयोध्या में एनएसजी का रीजनल हब स्थापित करने के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों व माफिया की 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति जब्त व ध्वस्त की गई है। यूपी से कर्फ्यू व दंगा समाप्त हो गया। माफिया जेल या जहन्नुम की यात्रा पर हैं। प्रदेश में डकैती में 84 व लूट में 77 फीसदी से अधिक की कमी आई है। महिला सुरक्षा व जनविश्वास को पुलिसिंग के केंद्र में रखा गया। पुलिस भर्ती में महिला आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए उनकी संख्या 10 हजार से बढ़ाकर 45 हजार की गई। महिला बीट अधिकारियों से लेकर महिला बटालियन तक महिला सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई। प्रदेश अब लैंड ऑफ लॉ बन गया है। लॉ एंड ऑर्डर के बलबूते प्रदेश मॉडल के रूप में पहचान स्थापित कर चुका है।

मुख्यमंत्री ने यूपी पुलिस, एटीएस व पुलिस के जांबाजों की हौसला अफजाई की। पूरे प्रदेश में एटीएस की 21 फील्ड यूनिट तैनात है। 2017 के बाद इंडो-नेपाल बॉर्डर नक्सल प्रभावित सोनभद्र, चंदौली, मीरजापुर के साथ ही आस्था के केंद्र अयोध्या, प्रयागराज, बहराइच, श्रावस्ती, लखनऊ, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर, संभल, नोएडा, झांसी आदि में 10 नई फील्ड यूनिट खड़ी कर सरकार ने सुरक्षा का अभेद्य किला बना दिया है। एटीएस के पास अवैध धर्मांतरण सेल, क्रिप्टो एनालिसिस विंग आदि है। इकॉनमिक एनालिसिस विंग संदिग्ध फाइनेंसियल टेल्स की परतें उधेड़ती हैं।

डार्क वेब या क्रिप्टो वॉलेट के पीछे नहीं छिप सकते आतंकी व देशद्रोही

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब कोई आतंकी व देशद्रोही डार्क वेब या क्रिप्टो वॉलेट के पीछे नहीं छिप सकते। स्पॉट कमांडो एनएसजी, बीएसएफ, सीआईएसएफ के साथ अग्निपरीक्षा ज्वाइंट काउंटर टेररिज्म ट्रेनिंग एक्सरसाइज और नेशनल ज्वाइंट काउंटर (आईडी एक्सरसाइज) जैसे संयुक्त अभ्यास कमांडो को हर आपात स्थिति से निपटने को तैयार करते हैं।

भारत ने खुद खींची है सुरक्षा नीति की रेडलाइन

मुख्यमंत्री याेगी ने कहा कि 2016 का सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 का बालाकोट एयर स्ट्राइक तथा 2025 में ऑपरेशन सिंदूर भारत की नई रणनीति व ताकत का अहसास कराते हैं। इनके माध्यम से सेना ने नापाक प्रयासों को करारा जवाब दिया है। भारत ने सुरक्षा नीति की रेडलाइन खुद खींची है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत हर आतंकी घटना का मुंहतोड़ जवाब देता है। दुनिया को दिखा दिया है कि तीनों सेनाओं की सिनर्जी, स्वदेशी टेक्नोलॉजी और जीरो टॉलरेंस की इच्छाशक्ति मिलती है तो दुश्मन के पास छिपने का रास्ता नहीं बचता। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना सीमा पर ऑपरेशन और पुलिस-एटीएस-एनएसजी देश के भीतर आतंकी साजिश व गद्दार की कमर तोड़ती है। हमारा लक्ष्य भविष्य की हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहना है। इस माैके पर अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेश राजीव कृष्ण समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779097 Articles

Share this story