एमएलसी चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना, मतदान केंद्रों पर पहुंचीं

WhatsApp Channel Join Now
एमएलसी चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना, मतदान केंद्रों पर पहुंचीं


बाराबंकी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए गुरुवार को जीआईसी ऑडिटोरियम बाराबंकी से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। सभी पोलिंग पार्टियां अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं।

पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान लखनऊ मंडल के आयुक्त एवं निर्वाचन अधिकारी विजय विश्वास पंत ने जीआईसी ऑडिटोरियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने उन्हें निर्वाचन की तैयारियों, मतदान कार्मिकों की तैनाती और रवानगी की प्रक्रिया की जानकारी दी।

जनपद में मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए छह जोनल मजिस्ट्रेट और 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। संबंधित तहसीलों के उपजिलाधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने निर्धारित क्षेत्रों में मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं और निर्वाचन प्रक्रिया पर नजर रखेंगे।

निर्वाचन के लिए जिले में कुल 72 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इनमें लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन के 54 और शिक्षक निर्वाचन के 18 मतदेय स्थल शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन में 39,814 और शिक्षक निर्वाचन में 2,707 मतदाता पंजीकृत हैं। इस प्रकार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 42,521 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

प्रत्येक मतदेय स्थल पर पीठासीन अधिकारी, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान अधिकारियों सहित आवश्यक निर्वाचन कार्मिकों की तैनाती की गई है। साथ ही मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए माइक्रो ऑब्जर्वर भी नियुक्त किए गए हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक कराया जाएगा। निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने की जानकारी दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764929 Articles

Share this story