(अपडेट)जनसत्ता दल ने 2027 की चुनावी जंग के लिए खोले पत्ते, प्रतापगढ़ की तीन सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट)जनसत्ता दल ने 2027 की चुनावी जंग के लिए खोले पत्ते, प्रतापगढ़ की तीन सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार


प्रतापगढ़, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने प्रतापगढ़ में अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने गुरुवार को जिले की तीन विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कुंडा से वह स्वयं चुनाव मैदान में उतरेंगे, जबकि बाबागंज से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं मौजूदा विधायक विनोद सरोज और विश्वनाथगंज से कुलदीप पटेल को प्रत्याशी बनाया गया है।

राजा भैया ने प्रत्याशियों की घोषणा करते हुए बताया कि पार्टी नेतृत्व ने आपसी विचार-विमर्श के बाद तीनों सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं। इसके तहत कुंडा विधानसभा क्षेत्र से वह स्वयं चुनाव लड़ेंगे। बाबागंज से मौजूदा विधायक विनोद सरोज को दोबारा मौका दिया गया है। वहीं, विश्वनाथगंज से पार्टी के लखनऊ मंडल प्रभारी कुलदीप पटेल को उम्मीदवार बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि कुलदीप पटेल की पत्नी माधुरी पटेल वर्तमान में प्रतापगढ़ की जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। कुलदीप पटेल परमेश्वर प्रसाद इंटरमीडिएट कॉलेज, मालाधर छत्ता के प्रधानाचार्य भी हैं। वह वर्ष 2010 में क्षेत्र पंचायत सदस्य और 2015 में ग्राम प्रधान निर्वाचित हो चुके हैं।

राजा भैया ने कहा कि पार्टी ने संगठन और जनाधार को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशियों का चयन किया है। चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ता अभी से तैयारियों में जुटेंगे और जनता के बीच जाकर संगठन की नीतियों एवं उपलब्धियों को पहुंचाएंगे।

उल्लेखनीय है कि कुंडा विधानसभा सीट रघुराज प्रताप सिंह का परंपरागत राजनीतिक गढ़ रही है। वह वर्ष 1993 से लगातार इस सीट से विधायक निर्वाचित होते आ रहे हैं और अब तक सात बार विधानसभा पहुंच चुके हैं। वहीं, बाबागंज से विनोद सरोज मौजूदा विधायक हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने कुंडा और बाबागंज दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी।

तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही पार्टी ने वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर प्रतापगढ़ में अपनी शुरुआती रणनीति स्पष्ट कर दी है। अब जिले की शेष विधानसभा सीटों पर पार्टी के रुख को लेकर राजनीतिक हलकों में नजरें टिकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story