पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में पोलियो केस इस वर्ष भी मिल रहे हैं : डॉ. एन.पी. सिंह

WhatsApp Channel Join Now
पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में पोलियो केस इस वर्ष भी मिल रहे हैं : डॉ. एन.पी. सिंह


वाराणसी, 19 नवम्बर (हि. स.)। पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन के संंबंध में गुरुवार को वाराणसी के विकास भवन सभागार में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। इसमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्रारंभिक जानकारी देते हुए कहा कि जनपद में 22 नवंबर से पल्स पोलियो विशेष अभियान की शुरूआत की जा रही है। इस अभियान में पांच वर्ष तक के 5,43,549 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलायी जायेगी।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कार्ययोजना के बारे में कहा कि लक्षित शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाई जाये। इस हेतु लगाये गये कर्मियों को प्रशिक्षित किया जाये तथा अभियान के अंतर्गत ही बीमार एवं प्रतिरोधी परिवारों के बच्चों को चिन्हित कर पोलियो की खुराक दी जाये। इस अभियान में किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।

इस अभियान की महत्ता इसलिए बढ़ जाती है कि हमारे पड़ोसी देशों पाकिस्तान तथा अफगानिस्तान में पोलियो केस इस वर्ष में भी मिल रहे हैं। वाराणसी में तीर्थ स्थल होने के कारण आवागमन ज्यादा होता है, इसलिए प्रसार की संभावना बढ़ जाती है।

डॉ. एन.पी. सिंह ने आगे कहा कि बूथ दिवस 22 नवंबर को सभी विद्यालय खोले जायेंगे तथा बच्चों की बुलावा टोली बनाकर ज्यादा से ज्यादा बच्चों को बूथ दिवस पर ही प्रतिरक्षित किए जाने का प्रयास किया जाये। इस दिन सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित किए जायेंगे। बूथों का उदघाटन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाये। उन्होंने जनसमुदाय से अपील की है कि अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवायें।

बैठक का संचालन जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस. एस. कन्नौजिया एवं डबल्यूएचओ एसएमओ डॉ. महेंद्र सोनी ने किया। इस बैठक में यूनिसेफ से डीएचसी आलोक कुमार राय, जेएसआई से डॉ. शाहिद , संदीप श्रीवास्तव सहित जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी व अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story