देश को पोलियो मुक्त रखने के लिए हर बच्चे को खुराक पिलाना जरूरी : डॉ. शलभ मणि
देवरिया, 28 जून (हि.स.)। महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (एमसीएच विंग) से रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। सदर विधायक डॉ. शलभ मणि ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता एवं मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रजनी पटेल के साथ बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर सदर विधायक डॉ. शलभ मणि ने कहा कि देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो रोधी दवा पिलाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम समय पर दी जाने वाली दो बूंद जिंदगी की खुराक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे दूर-दराज के गांवों और हर घर तक पहुंच सुनिश्चित करें, ताकि शून्य से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रह जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि जिले में इस अभियान के तहत पांच वर्ष तक के 5.68 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए मेडिकल कॉलेज सहित सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों पर पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर ट्रांजिट टीमों की भी तैनाती की गई है, ताकि यात्रा कर रहे बच्चों को भी पोलियो की दवा दी जा सके।
सीएमओ ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाएं और उन्हें पोलियो रोधी खुराक दिलाएं। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.के. सिन्हा, डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पाण्डेय, डॉ. कार्तिक पाण्डेय, डिप्टी डीआईओ डॉ. विपिन रंजन, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, जिला मलेरिया अधिकारी सुधाकर मणि, विश्वनाथ मल्ल तथा सहयोगी संस्थाओं सीफार, जेएसआई, डब्ल्यूएचओ एवं यूएनडीपी के जिला प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अभियान के शुभारंभ के बाद सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बरहज क्षेत्र में स्थापित पोलियो बूथ का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाओं के रखरखाव, कोल्ड चेन व्यवस्था और बच्चों को पिलाई जा रही खुराक की जानकारी ली तथा अभियान को पूरी सतर्कता और गुणवत्ता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

