पुलिस भर्ती परीक्षा पर प्रशासन की पैनी नजर, डीएम-एसपी बोले- नकल पर होगी सख्त कार्रवाई
मीरजापुर, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में जनपदीय पुलिस एवं प्रशासनिक राजपत्रित अधिकारियों, जिला विद्यालय निरीक्षक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों, केंद्र प्रभारियों, परीक्षा नियंत्रण कक्ष प्रभारियों तथा सभी थाना प्रभारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने 8, 9 और 10 जून 2026 को जनपद के 20 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षा की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा की शुचिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। नकल, सॉल्वर गैंग अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि बेहतर समन्वय और सतर्क निगरानी से परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

