देवरिया में तीन चोरी की बाइक बरामद , एक आरोपित भी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया में तीन चोरी की बाइक बरामद , एक आरोपित भी गिरफ्तार


देवरिया, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में लार पुलिस ने चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की हैं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने गुरुवार काे बताया कि थाना लार पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर चनुकी पुलिया के पास से उमेश प्रसाद पुत्र लाल जी प्रसाद निवासी बभनौली पाण्डेय थाना लार को गिरफ्तार किया गया। आरोपित के पास से चोरी की सुपर स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपित की निशानदेही पर दो अन्य चोरी की बाइकें भी बरामद की गईं। इनमें एक स्प्लेंडर प्लस और एक पल्सर मोटरसाइकिल शामिल है। पल्सर बाइक पर भी फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस के अनुसार बरामद तीनों मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत करीब 1.40 लाख रुपये है।

उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में पता चला कि बरामद वाहनों के संबंध में थाना भाटपाररानी एवं थाना लार में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। आरोपित के खिलाफ थाना लार में विभिन्न धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story