पुलिस ने 19 गुम मोबाइल बरामद कर स्वामियों को लौटाया
मीरजापुर, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले की जिगना पुलिस ने खोए 19 मोबाइल फोन बरामद कर शुक्रवार को उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि थाना जिगना पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों से गुम हुए 19 मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया। इसके बाद सभी मोबाइल उनके असली मालिकों को विधिवत सौंप दिए गए।
मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों व टीम के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। इस दौरान पुलिस ने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं या यूपीसीओपी एप के माध्यम से ई-एफआईआर दर्ज करें।
साथ ही सलाह दी गई कि मोबाइल गुम होने पर उसमें लगी सिम को तुरंत बंद कराकर उसी नंबर का नया सिम निकलवा लें। इसके अलावा गूगल पर सीइआईआर (संचार साथी) पोर्टल पर जाकर मोबाइल का विवरण दर्ज कर आईएमईआई नंबर ब्लॉक कराएं, जिससे मोबाइल के दुरुपयोग को रोका जा सके। इस अभियान में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह व साइबर टीम थाना जिगना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

