दस वर्षीय गुमशुदा बालक को पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा
गोरखपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाेरखपुर में गुलरिहा थाना क्षेत्र से लापता हुए दस वर्षीय नाबालिग बालक को पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद पुलिस ने बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
उपनिरीक्षक मदन मोहन मिश्रा के अनुसार, 28 सितंबर को बालक की मां ने गुलरिहा थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनका दस वर्षीय पुत्र सुबह घर से कहीं चला गया है और काफी समय बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटा। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बालक की तलाश शुरू कर दी। मामले में थाना गुलरिहा पर मु0अ0सं0 807/2026, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
पुलिस टीम ने विभिन्न स्तरों पर प्रयास करते हुए गुमशुदा बालक को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे उसके परिजन को सुपुर्द कर दिया गया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

