यूपी-112 की मदद से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंची महिला अभ्यर्थी, नहीं मिल रही थी सवारी

WhatsApp Channel Join Now
यूपी-112 की मदद से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंची महिला अभ्यर्थी, नहीं मिल रही थी सवारी


अमेठी, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा देने अयोध्या से अमेठी आई एक महिला अभ्यर्थी के लिए यूपी-112 मददगार साबित हुई। समय पर वाहन न मिलने से परीक्षा छूटने की आशंका के बीच यूपी-112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए अभ्यर्थी को सुरक्षित परीक्षा केंद्र पहुंचाया।

सोमवार को यूपी-112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक महिला अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र जाने के लिए कोई साधन नहीं मिल रहा है और उसे तत्काल सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही पीआरवी-6907 मौके पर पहुंची। पूछताछ में पता चला कि अंजली पुत्री राधेश्याम, निवासी मिल्कीपुर जनपद अयोध्या, पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा देने आई थीं। वह थाना पीपरपुर क्षेत्र के दुर्गापुर चौराहे पर बस से उतरी थीं, लेकिन परीक्षा केंद्र लगभग 32 किलोमीटर दूर होने के कारण उन्हें कोई सवारी नहीं मिल पा रही थी। अभ्यर्थी की समस्या को देखते हुए पीआरवी-6907 ने कंट्रोल रूम से समन्वय स्थापित किया और अंजली को लेकर थाना पीपरपुर की सीमा टीकरमाफी तक पहुंची। वहां पहले से मौजूद पीआरवी-6905 ने उन्हें अपने वाहन से परीक्षा केंद्र तक समय पर पहुंचाया।

समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने पर अंजली ने अमेठी पुलिस और यूपी-112 की त्वरित सहायता की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। इस सराहनीय कार्य में पीआरवी-6907 के कमांडर राजेश पाल, सब कमांडर नन्दलाल यादव, चालक ओम प्रकाश पाल तथा पीआरवी-6905 के रामनाथ यादव और संदीप वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अमेठी पुलिस की इस मानवीय पहल की व्यापक सराहना हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story