देवरिया में पुलिस ने बहू-बेटी अभियान चलाकर महिलाओं को किया जागरुक, बतायी योजनाएं

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया में पुलिस ने बहू-बेटी अभियान चलाकर महिलाओं को किया जागरुक, बतायी योजनाएं


देवरिया में पुलिस ने बहू-बेटी अभियान चलाकर महिलाओं को किया जागरुक, बतायी योजनाएं


देवरिया, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण के तहत बहू-बेटी अभियान व्यापक स्तर पर चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में आयोजित किया गया; इसका मुख्य उद्देश्य परित्यक्ता, तलाकशुदा, निराश्रित तथा दहेज उत्पीड़न की शिकार महिलाओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना रहा।

अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चौपाल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। रामपुर कारखाना, बघौचघाट, रुद्रपुर, भाटपार रानी, बनकटा, बरहज, भलुअनी और सुरौली सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

इस दौरान मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं को दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और अन्य सामाजिक कुरीतियों के बारे में जागरूक किया। साथ ही उन्हें आत्मरक्षा, कानूनी प्रक्रिया और सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में भी बताया गया।

अभियान में नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम—के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई, खासतौर पर पीड़ित केंद्रित प्रावधानों को समझाया गया। इसके अलावा महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (वूमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 108 (एंबुलेंस) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) के बारे में अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पंपलेट वितरित किए गए। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर का कहना है कि इस तरह के अभियान महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story