गोरखपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय असलहा तस्करी गिरोह के दो बदमाशों को किया गिरफ्तार, एक बाल अपचारी भी पुलिस अभिरक्षा में

WhatsApp Channel Join Now
गोरखपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय असलहा तस्करी गिरोह के दो बदमाशों को किया गिरफ्तार, एक बाल अपचारी भी पुलिस अभिरक्षा में


गोरखपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर की खोराबार पुलिस ने अंतरराज्यीय अवैध असलहा तस्करी से जुड़े गिराेह के दो आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया है। आरोपितों के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, .32 बोर की एक अवैध पिस्टल मय मैगजीन तथा 7.65 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

थानाध्यक्ष खोराबार सुधांशु सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अफजल खान पुत्र नूरूल हुदा खान निवासी डिबिया, थाना कैंट और मो. शमी पुत्र कुर्बान अली निवासी दिव्यनगर रानीडीहा, थाना कैंट, गोरखपुर के रूप में हुई है। इनके साथ एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।

उन्हाेंने बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपित जिस असलहा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं, उससे जुड़े अब तक कुल 16 आरोपितों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इनके कब्जे से कुल 15 अवैध पिस्टल और एक अवैध तमंचा बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि इन सभी आरोपितों को एक ही गिरोह के माध्यम से अवैध पिस्टल उपलब्ध कराई गई थी।

इस नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एसटीएफ इकाई गोरखपुर और एंटी थेफ्ट टीम गोरखपुर की संयुक्त कार्रवाई में भी पांच अवैध असलहा तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से चार पिस्टल मय मैगजीन व जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने असलहा तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए आगे की कार्रवाई तेज की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आई कि 15 सितंबर 2026 को कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में मोहम्मद आसिफ पुत्र मोहम्मद मुमताज निवासी लाल चौक स्टेशन रोड, कप्तानगंज को एक अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसकी गिरफ्तारी पर कुशीनगर पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसी क्रम में 17 मार्च 2026 को गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र में राज कुमार चौहान की गोली और चाकू मारकर हत्या के मामले में प्रयुक्त दो अवैध पिस्टल बरामद करते हुए मनीष यादव निवासी बरगदवा, थाना चिलुआताल और सचिन यादव निवासी लच्छीपुर यादव टोला, थाना गोरखनाथ को गिरफ्तार किया गया था।

इसके अलावा 26 सितंबर को करन सोनकर निवासी कोरी टोला धर्मशाला बाजार, थाना गोरखनाथ को एक अवैध ऑटोमेटिक पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया था। वहीं 30 सितंबर को मुलायम निषाद उर्फ नितेश, शैलेंद्र निषाद, चंदन जायसवाल उर्फ लकी तथा 10 हजार रुपये के इनामी वीरू साहनी उर्फ गौरव को दो अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story