प्रधानमंत्री मोदी के वाराणसी दौरे को लेकर खोचवां में ग्रैंड रिहर्सल, एसपीजी ने संभाली सुरक्षा की कमान
फ्लीट रिहर्सल से लेकर पांच हेलीपैड तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, नो फ्लाई जोन घोषित
वाराणसी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रविवार को प्रस्तावित वाराणसी दौरे के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए एसपीजी और जिला प्रशासन ने सुरक्षा की कमान संभाल ली है। शनिवार को मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां में प्रधानमंत्री के काफिले का ग्रैंड रिहर्सल किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, वीवीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थल पर किए गए इंतजामों को परखा गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को रूपापुर (खोचवां) के निकट हाईवे किनारे स्थित अरविंद मिल की नई इकाई का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वह मिल में कार्यरत महिलाओं से संवाद भी करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
-पांच हेलीपैड तैयार, वायुसेना ने परखी लैंडिंग व्यवस्था
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर खोचवां में पांच हेलीपैड तैयार किए गए हैं। भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलिकॉप्टरों ने टच एंड गो अभ्यास कर हेलीपैड और लैंडिंग व्यवस्था का परीक्षण किया। इसके बाद प्रधानमंत्री के काफिले की फ्लीट रिहर्सल की गई। कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड की सुरक्षा की जिम्मेदारी एसपीजी ने संभाल ली है।
-नो फ्लाई जोन घोषित, ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के अनुसार, प्रधानमंत्री के निर्धारित रूट को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस के जरिए निगरानी रखी जाएगी। ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वह स्वयं भी फ्लीट रिहर्सल के दौरान मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

